315 बोर देसी पिस्तौल व कारतूस सहित आरोपी काबू
वैध असला-अमुनेशन रखने वाले अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसपी उपासना के आदेशानुसार चलाई जा रही मुहिम तहत सीआईए-1 पुलिस द्वारा गांव किठाना क्षेत्र से एक आरोपी को काबू कर लिया गया। जिसके कब्जे से 315 बोर देसी पिस्तौल तथा 5 जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की अगुवाई में एएसआई रघुबीर सिंह की टीम सायंकालीन गस्त दौरान किठाना बस अड्डा पर मौजूद थी। जहां पुलिस टीम को एक गुप्त सूचना मिली की गांव करोड़ा निवासी राजू उर्फ संजू अवैध देसी पिस्तौल लिए हुए है, जो अभी गांव किठाना से कलायत जाने वाली सड़क पर दिल्ली-जम्मू कटरा हाईवे पुल के पास कहीं जाने के लिए किसी व्हीकल के इंतजार में खड़ा है। पुलिस द्वारा सतर्कता व मुस्तैदी का परिचय देकर की गई त्वरित कार्रवाई दौरान उपरोक्त स्थान पर दबिश देकर संदिग्ध गांव करोड़ा निवासी राजू उर्फ संजू को काबू कर लिया गया। जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का अवैध पिस्तौल व 5 कारतूस बरामद हुए। जिस बारे थाना राजोंद में मामला दर्ज करके आरोपी को शस्त्र अधिनियम तहत एचसी पवन कुमार द्वारा गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी का न्यायालय से 3 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
