कैथल मे फरवरी में 72 हजार लीटर तो मार्च में लगभग दोगुना एक करोड़ 50 हजार लीटर डीजल आया
डीसी अपराजिता ने कहा कि जिला में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई भी कमी नहीं है। जिला में उपभोक्ताओं को निरंतर रूप से आपूर्ति उपलब्ध करवाई जा रही है। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग के अनुसार जिला में फरवरी माह में लगभग 72 हजार लीटर डीजल आया था, वहीं मार्च माह में इसकी आपूर्ति लगभग दोगुनी होकर डेढ़ करोड़ लीटर की आपूर्ति हुई है। इस प्रकार से डीजल की कमी नहीं बल्कि दोगुनी आपूर्ति हुई है। लोग बिना जरूरत के खरीदारी ना करें, उन्हें जब जरूरत होगी आपूर्ति मिल जाएगी, क्योंकि डीजल, पेट्रोल और गैस की निरंतर आपूर्ति हो रही है, इसीलिए नागरिक जरूरत अनुसार ही पेट्रोल, डीजल और गैस लें, अनावश्यक रूप से इसे घरों पर स्टोर न करें। डीसी अपराजिता ने कहा कि आमजन अफवाहों पर ध्यान न दें। आमजन को इससे संबंधित कोई जानकारी चाहिए तो वह टोल फ्री नंबर 01746-224243 पर सुबह आठ बजे से सायं आठ बजे तक संपर्क कर सकते हैं। गैस सिलेंडरों को निर्धारित मापदंड अनुसार वितरण किया जा रहा है। किसी ने बेवजह अफवाह फैलाई तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीसी अपराजिता ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पेट्रोल, डीजल और गैस वितरण पर पैनी नजर बनाएं और निरंतर निरीक्षण करते रहें। यदि कहीं कोई कालाबाजारी करता हुआ पाया जाता है तो उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई अमल में लाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रतिदिन की रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में जमा करवाएं। जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक वरिंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में पेट्रोल, डीजल और गैस की कोई कमी नहीं है, उपभोक्ताओं को निरंतर सप्लाई की जा रही है। अधिकारियों द्वारा इनके वितरण पर पूरी निगरानी बनाई गई है। अभी तक एक एफआईआर दर्ज की गई है तथा 15 सिलेंडरों को जब्त किया गया है। यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। डीजल, पेट्रोल और एलपीजी गैस के वितरण की बात करें तो फरवरी माह में डीजल 72 हजार लीटर की आपूर्ति हुई थी और अब मार्च में डीजल की आपूर्ति डेढ़ करोड़ लीटर हुई है। फरवरी माह में पेट्रोल 43 लाख लीटर की बिक्री हुई तथा मार्च में 57 लाख लीटर की बिक्री हुई है। एलपीजी गैस का लगभग 6500 सिलेडरों का वितरण निरंतर प्रतिदिन किया जा रहा है। लगभग पांच हजार सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। नागरिकों को अनावश्यक रूप से डीजल, पेट्रोल को स्टोर न करें, जरूरत अनुसार ही प्राप्त करें। नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें। कोई अफवाह फैलाते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी से अनुरोध है कि पेट्रोल डीजल और गैस की आपूर्ति या उपलब्धता को लेकर कोई जानकारी चाहिए तो प्रशासन द्वारा दी जा रही सूचनाओं पर विश्वास करें, अफवाहों पर ध्यान न दें।
