95011-31800 नंबर पर मिस कॉल कर योग के लिए करवाएं पंजीकरण :-डॉ. शकुंतला दहिया
जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग कैथल के संयुक्त तत्वाधान में सभागार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जखौली अड्डा में 11वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस हेतु योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें आयुष विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं समस्त स्टाफ ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शकुन्तला दहिया ने आमजन से आह्वान किया कि वे 95011-31800 नंबर पर मिस कॉल कर योग के लिए अपना पंजीकरण करवाएं। डॉ. शकुन्तला दहिया ने बताया कि योग विशेषज्ञ एचएस हुड्डा द्वारा योगाभ्यास करवाया गया। वहीं विरेन्द्र आर्य, सतीश, रेखा देवी द्वारा योग डैमोस्ट्रेशन में जोड़ो को मजबूत बनाने हेतु एवं शुरूआती अभ्यास में गर्दन के सूक्ष्म व्यायाम, स्कंध संचालन, कटि चालन, घुटना संचालन आदि खड़े होने वाले आसनों में ताड़ासन, वृक्षासन, पादाहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, बैठने व लेटने वाले योगाभ्यास में वक्रासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, उत्तान मण्डूकासन, मकरासन, भुंजगासन, शलभासन, अर्धहलासन, पवनमुक्तासन, श्वासन का अभ्यास करवाया गया। प्राणायाम में अनुलोम-विलोम शीतली व भ्रामरी तथा ध्यान का अभ्यास किया गया। जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. राजेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। डॉ. शकुंतला दहिया ने कहा कि योग हमारी प्राचीन संस्कृति है और आयुष विभाग की नींव प्राचीन चिकित्सा पद्धतियों पर टिकी हुई हैं। योग में शीतली, भ्रामरी, चंद्रभेदी एवं डीप ब्रीथिंग से हाईपर टेंशन से कुछ ही दिनों में निजात पाई जा सकती है। मधुमेह में मण्डूकासन, वक्रासन, अर्धमत्येन्द्रासन, पवनमुक्तासन, कपालभाति से प्राकृतिक इन्सुलिन की बढ़ाया जा सकता है। मधुमेह एवं हाईपर टैंशन में योग प्रशिक्षण के लिए जिला नागरिक अस्पताल एवं ब्लॉक स्तर पर सीएचसी, पीएचसी में आयुष योग सहायकों द्वारा छह जून से 17 जून 2025 तक योग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे है।
