गंडासियों से हमला! घटना सीसीटीवी में कैद
गंडासियों से हमला! घटना सीसीटीवी में कैद
कैथल खबर (7 फरवरी) : कैथल के गांव माघो माजरी में एक व्यक्ति पर गंडासियों से हमला कर दिया। जिसका सीसीटीवी भी वायरल हो रहा है। घटना वीरवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की है। पूरी वारदात गांव के सरकारी स्कूल और बस स्टैंड के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में व्यक्ति को मरा हुआ समझकर चारों आरोपी बाइक पर सवार होकर हथियारों सहित मौके से भाग गए।
जानकारी अनुसार उक्त व्यक्ति अपने खेत से बरसीम लेकर घर जा रहा था। तभी वहां एक बाइक पर सवार होकर चार लोग आए और उस पर गंडासियों से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं ग्रामीण भी भारी संख्या में मौके पर इकट्ठे हो गए। घायल व्यक्ति की पहचान गांव के ही 50 वर्षीय रणधीर सिंह के रूप में हुई है।
सदर थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीमों ने जांच शुरू कर दी है। घायल को पहले इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कैथल भेजा गया था, लेकिन स्थिति गंभीर होने के चलते उसे हायर सेंटर में रेफर कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
