फसल अवशेष प्रबंधन कृषि यंत्रों पर दिया जा रहा 50 प्रतिशत अनुदान, 20 अगस्त तक करें आवेदन : डीडीए
कृषि तथा किसान कल्याण विभाग कैथल के उप निदेशक डा. बाबु लाल ने बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए कृषि एवं किसान विभाग द्वारा जिला कैथल में फसल अवशेष प्रबंधन स्कीम शुरू की गई है। जिसके तहत फसल अवशेष प्रबंधन कृषि यंत्रों पर 50 प्रतिशत या अधिकतम तय अनुदान दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग के पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर 20 अगस्त तक आवेदन करना होगा।

सहायक कृषि अभियंता कैथल जगदीश चंद्र मलिक ने विस्तार पूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि इस बार सीआरएम स्कीम अंतर्गत 12 कृषि यंत्र शामिल किए गए हैं, जैसे कि सुपर स्ट्रा मैनेजमेंट सिस्टम, हैप्पी सीडर/स्मार्ट सीडर, पैडी स्ट्रॉ चॉपर/ श्रेडर/ मल्चर, रोटरी स्लैशर/ श्रब मास्टर, हाइड्रोलिक रिवर्सिबल एमबी प्लो/जीरो टिल सीड कम फर्टिलाइजर ड्रिल, सुपर सीडर, सरफेस सीडर, स्ट्रा बेलर/ स्ट्रा रेक, क्रॉप रीपर, लोडर, टेडर मशीन के लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए किसान को पोर्टल पर खरीफ सीजन 2024 व रबी सीजन 2025 का मेरी फसल मेरा ब्योरा, पैन कार्ड, आधार कार्ड, मेरी फसल मेरा ब्यौरा वाली बैंक खाता विवरण व हरियाणा राज्य में पंजीकृत ट्रेक्टर की वैध आरसी अपलोड करना आवश्यक है। एक परिवार पहचान पत्र से केवल एक सदस्य को योजना का लाभ मिल सकता है। एक किसान एक ही मशीन पर अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकता है। किसान द्वारा विभागीय सब्सिडी योजना के तहत पिछले 3 वर्षों को दौरान आवेदित मशीनों पर अनुदान का लाभ न लिया हो। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद किसान को तुरंत सभी दस्तावेज सहायक कृषि अभियन्ता कैथल के कार्यालय में जमा करवाने होंगे। लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाभार्थियों का चयन डीसी कैथल की अध्यक्षता में गठित डीएलईसी द्वारा ऑनलाइन ड्रॉ के माध्यम से किया जाएगा। अधिक जानकारी के सहायक कृषि अभियंता कैथल के कार्यालय स्थित जिला परिषद भवन जींद रोड कैथल में संपर्क कर सकते हैं।
