अधूरे पड़े विकास कार्यों को जल्द पूरा करवाएं अधिकारी : सांसद जिंदल

सांसद नवीन जिंदल ने जिले के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सबसे पहले जिले में अधूरे पड़े विकास कार्य जिसमें चाहे आंगनबाड़ी केंद्र हो, पंचायत भवन, सामुदायिक केंद्र हो, सड़कें, लुवास का रीजनल सेंटर हो या फिर कोई भी ऐसा कार्य, जो थोड़े से बजट व तकनीकी कमियों के कारण अधूरा पड़ा है, उसे पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य करें। इसके लिए बतौर सांसद उनकी जहां जरूरत है, रिपोर्ट बनाकर उनके कार्यालय में दें, उस पर तुरंत कार्रवाई कर उस काम को आगे बढ़ाया जाएगा। ताकि लोग सरकार के इन विकास कार्यों का प्रयोग कर सकें। साथ ही जिले के खेल अधिकारी एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारी जिले के सभी खेल स्टेडियम, सभी मिनी स्टेडियम व खेल सुविधाओं से जुड़े परिसरों की एक रिपोर्ट तैयार करें कि उन्हें पूरी तरह से अच्छी हालत में लाने के लिए कितने संसाधनों, बजट की आवश्यकता है। जल्द से जल्द विभागीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों से उन्हें चकाचक करें। यदि बजट का अभाव है तो उन्हें बताएं। इन सभी में सुविधाएं मुहैया करवाकर जिले में खेल संस्कृति विकसित की जानी है।

          सांसद नवीन जिंदल बुधवार दोपहर बाद लघु सचिवालय के सभागार में जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं की एजेंडा अनुसार समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश देने के साथ साथ उपस्थित जनों से सुझाव भी प्राप्त किए। साथ ही कहा कि हम  सबका एक ही उद्देश्य है कि विकास परियोजनाओं को तेजी से सिरे चढ़ाएं। ताकि जल्द से जल्द लोगों को उनका लाभ मिल सके।

          सांसद नवीन जिंदल ने सड़कों से संबंधी विभागों के अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि वे मरम्मत की जिम्मेदार एजेंसियों के साथ कोई लिहाज न बरतें। अन्यथा आगे वे अधिकारियों के साथ कोई लिहाज नहीं बरतेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश की समृद्धि में उसकी सड़कों का अहम योगदान होता है। उन्होंने नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे सड़कों की साफ सफाई व दुरुस्तीकरण के कार्य को नियमित रूप से करवाएं। उन्होंने राजौंद में एसटीपी प्लांट व सड़क निर्माण कार्य को अगले दो माह में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने कौल, फतेहपुर, फरल व ढांड में बनाए जा रहे एसटीपी प्लांट को जल्द तैयार करने के भी निर्देश दिए। वहीं सिंचाई विभाग को गुहला क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए योजना तैयार करने व सरोला साइफन की पूरी तरह से सफाई करवाने के लिए कहा।

                             सांसद नवीन जिंदल ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी स्कूलों में सभी मूलभूत सुविधाएं मुहैया होनी चाहिए। शौचालय व परिसर की साफ सफाई अच्छी होनी चाहिए। साथ ही मिड डे मील में खाने की गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए।

          इसी प्रकार उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल अवशेष प्रबंधन को लेकर नियमित रूप से किसानों को जागरूक करें। उन्हें समय पर फसल अवशेष प्रबंधन की मशीनें उपलब्ध करवाई जाएं। इसके बावजूद भी अगर कोई व्यक्ति अवशेषों में आग लगाता है तो उन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ज्यादा से ज्यादा किसानों को प्राकृतिक खेती के साथ जोड़े। 

          सांसद नवीन जिंदल ने सिविल सर्जन से स्वास्थ्य विभाग से संबंधित रिपोर्ट ली और आमजन को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पशुपालन विभाग को कुत्तों व बंदरों का टीकाकरण व नंशबंदी को लेकर प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पशुपालन विभाग व लुआस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे एक संयुक्त रिपोर्ट दें कि क्या लुआस के रीजनल सेंटर क्योड़क में पॉली क्लीनिक खुलवाया जा सकता है? साथ ही अधूरे पड़े लुआस  के रीजनल सेंटर में कम से कम तीन चौकीदार नियुक्त करने के भी निर्देश जारी किए। पुलिस वहां लगातार गश्त बढ़ाए। उन्होंने जिला नगर आयुक्त  एवं नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग को निर्देश दिए कि वे लोगों को प्रोत्साहित करें कि वे घरों से ही सूखा व गीला कचरा अलग-अलग करके दें। ताकि उसका प्रबंधन किया जा सके। इस मौके पर उन्होंने सांसद निधि, मनरेगा, एनआरएलएम, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन, आंगनबाड़ी से जुड़ी योजनाओं, एमएसएमई, सौर ऊर्जा, रेलवे, श्रम विभाग, राजस्व, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, उज्ज्वला योजना, खाद्य सुरक्षा, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्वामित्व योजना सहित अन्य योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने एनएचएआई के खराब पड़े सोलर पॉवर प्लांट, राजौंद में एसटीपी, कबड्डी स्टेडियम के लिए मंजूर दो करोड़ रुपये खर्च करने बारे, फतेहपुर स्टेडियम के लिए आई राशि खर्च किए जाने बारे, प्राकृतिक खेती में स्वयं द्वारा की गई पहल बारे, अधूरे पड़े आंगनबाड़ी भवनों को पूरा करने बारे, पूंडरी से नियमानुसार कचरा उठाने बारे, जड़ौला गांव में रेलवे की जमीन संबंधी एनओसी बारे कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाकर अधिकािरयों से जवाब लिए। सांसद ने सभी मुद्दों पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए।

          वहीं कलायत विधायक विकास साहरण ने भी कलायत में बारात घर बनाए जाने बारे, बालू में पीएम सूर्य घर योजना बारे, खेल स्टेडियम बारे, सड़कों सहित कलायत विधानसभा क्षेत्र से संबंधित बातें रखीं। इस पर सांसद ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए। जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल ने कौल ने गांवों में सीवरेज डालने के बाद खराब गलियों का मुद्दा उठाया। वहीं जिला पार्षद कमलेश शर्मा ने देवबन में खेल स्टेडियम बनाए जाने की मांग रखी।

          डीसी प्रीति ने सांसद नवीन जिंदल को विश्वास दिलवाया कि उन्होंने जो निर्देश विभिन्न विकास कार्याें के संबंध में दिए हैं, उनकी पालना सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में पहुंचने पर डीएमसी कपिल शर्मा ने सांसद नवीन जिंदल का, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश ने विधायक सतपाल जांबा एवं एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार ने विधायक विकास सहारण का स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल, नगर परिषद चेयरपर्सन सुरभि गर्ग, बलविंद्र जांगड़ा, रविंद्र धीमान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *