घर से जेवरात व नकदी चोरी करने वाला आरोपी काबू
गांव क्योड़क में घर से सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी करने के मामले में सीआईए-1 पुलिस द्वारा आरोपी को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव क्योडक निवासी बलदेव की शिकायत अनुसार 23 जनवरी को वह गांव सिधानी जिला फतेहाबाद में एक पारिवारिक कार्यक्रम में गया हुआ था, जबकि उसकी पत्नी बच्चों सहित अपने मायके उत्तर प्रदेश गई हुई थी। घर पर उसका चाचा अकेला मौजूद था। शाम को घर लौटने पर अलमारी खुली मिली और उसमें से सोने का मंगलसूत्र, सोने के कांटे, अंगूठी, नथली, सोने का ओम, चांदी की पाजेब सहित अन्य जेवरात व करीब 35 हजार रुपये नकद चोरी मिले। उन्हें पता चला कि चोरी की वारदात पड़ोसी झंडू उर्फ रवि ने अंजाम दी थी, जिसने चोरी किया सामान गांव बेगपुर में एक सुनार को बेच दिया था। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच सीआईए-1 प्रभारी एस.आई. जसवंत की अगुवाई में ए.एस.आई. रघुबीर सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव क्योड़क निवासी रवि उर्फ झंडू को काबू कर लिया गया। पूछताछ दौरान आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा संपुर्ण सोना चांदी आभूषण बरामद कर लिए गए। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
