कबड्डी और क्रिकेट के ट्रायल 27 से 29 जनवरी तक
जिला खेल अधिकारी राज रानी ने बताया कि अखिल भारतीय सिविल सेवा पुरुष व महिलाओं की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 9 फरवरी से 14 फरवरी तक कबड्डी ग्राउंड, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सेक्टर 42 चंडीगढ़ में किया जा रहा है। अखिल भारतीय सिविल सेवा पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजन 17 से 26 फरवरी तक भारत नगर क्रिकेट ग्राउंड, अशोक विहार, विकासपुरी क्रिकेट ग्राउंड जी-ब्लॉक न्यू दिल्ली, केंद्रीय सचिवालय क्रिकेट ग्राउंड विनय मार्ग चाणक्यपुरी, एसबीवी शाकुपुर क्रिकेट ग्राउंड ब्रिटानिया चौक दिल्ली में किया जाएगा। अखिल भारतीय सिविल सेवा फिजिक प्रतियोगिता पुरुष 2025-26 तक त्यागराज स्टेडियम न्यू दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। इसमें हरियाणा की ओर से भाग लेने वाले खिलाड़ियों का चयन 27 से 29 जनवरी तक विभिन्न स्थानों पर किया जाएगा।जिला खेल अधिकारी ने बताया कि कबड्डी प्रतियोगिता के लिए सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम, पलवल में 27 जनवरी को पुरुष तथा 28 जनवरी को महिलाओं का चयन किया जाएगा। क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन 29 जनवरी को कर्ण स्टेडियम करनाल में होगा। फिजिक प्रतियोगिता के लिए चयन 29 जनवरी को छोटू राम स्टेडियम रोहतक में किया जाएगा। इच्छुक उत्कृष्ट खिलाड़ी सरकारी अधिकारी व कर्मचारी निर्धारित स्थानों पर ट्रायल हेतू सुबह 10 बजे पहुंचना सुनिश्चित करें। खिलाड़ी अपने विभाग, कार्यालय, जिला के अधिकारियों, कर्मचारियों को ये प्रमाण-पत्र भी दें कि वे अमूक विभाग व कार्यालय के सरकारी अधिकारी व कर्मचारी हैं। इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आने व जाने का किराया संबंधित विभाग व खिलाड़ियों द्वारा वहन किया जाएगा। इसमें भाग लेने वाले अधिकारी व कर्मचारी टीए व डीए अपने विभाग से लेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय सिविल सेवा सांस्कृतिक एवं खेल बोर्ड की हिदायतों के अनुसार रक्षा सेवाओं, अर्धसैनिक बलों, केंद्रीय पुलिस संगठनों, पुलिस, आरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, आईटीबीपी और एनएसजी के वर्दीधारी कर्मी, स्वायत्त निकायों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारी, दिहाड़ी एवं कैजुअल श्रमिक, अस्थायी ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी तथा नए भर्ती हुए कर्मचारी, जिन्होंने नियमित सेवा में छह महीने से कम समय पूरा किया हो, वे कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र नहीं होंगे।
