मेडिकल स्टोर पर रखें कड़ी निगरानी, नियम तोड़ने वालों पर हो कार्रवाई:- सीईओ सुरेश राविश
जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर पर कड़ी निगरानी रखें। समय समय पर चेकिंग अभियान चलाएं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाएं। जिले का नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा ड्रग कंट्रोल ऑफिसर सहित अन्य विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ चल रही मुहिम को ओर अधिक प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं नशे से संबंधित गतिविधियों की जानकारी मिले तो बिना डर प्रशासन को सूचित करें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी। सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि संबंधित विभाग प्राइवेट व सरकारी नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित चेकिंग करें। इन केंद्रों के माध्यम से नशे की दंश में फंसे लोगों को मुख्यधारा में लाने और उन्हें बेहतर जीवन के लिए प्रेरित करें। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि गत महीने में 24 केस दर्ज किए गए हैं। हॉट स्पोट क्षेत्रों में पुलिस विभाग पूरी निगरानी बनाए हुए हैं और अतिरिक्त टीमें भी नियुक्त की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि नशे के खिलाफ एक मुहिम चलाकर फ्लेक्स व अन्य माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गांवों व शहरों में जागरूकता शिविर लगाए जा रहे हैं। गांवों के बस स्टैंड और सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति केंद्रों, अस्पतालों और हेल्पलाइन नंबरों से संबंधित सूचना बोर्ड लगाए जाएं। सीईओ सुरेश राविश ने कहा कि विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी समय-समय पर ग्राम पंचायतों की बैठक में नशे को लेकर ग्रामीणों को जागरूक करें और संबंधित विभागों के अधिकारियों से इस संदर्भ में पूरी रिपोर्ट प्राप्त करें। ग्रामीणों में विश्वास पैदा करते हुए उन्हें नशे के बारे में गुप्त सूचना देने के लिए कहें। ग्राउंड लेवल पर ग्राम पंचायतों को अधिक गहनता से जानकारी होती है, जिनकी सूचना के आधार पर जिला प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करेगा। ड्रग कंट्रोल ऑफिसर द्वारा गत माह में नियमों का उल्लंघन करने वाली 18 लाइसेंस सस्पेंड किए तथा करनाल रोड स्थित अंबेडकर कालोनी में एक दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस अवसर पर जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीडीपीओ रितु लाठर, सीएमओ डॉ. रेणु चावला, जेल अधीक्षक अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
