विदेश भेजने के नाम पर लाखों रुपये ठगी के अलग अलग 2 मामलों में 2 आरोपी काबू
विदेश भेजने के सब्जबाग दिखाकर आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी आस्था मोदी के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही दो अलग अलग मामलों में इकनॉमिक सैल द्वारा 2 आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बाता गांव निवासी रवि कुमार की शिकायत अनुसार उसके दोस्त पवन के पिता ज्ञान सिंह से उसकी विदेश जाने को लेकर बातचीत हुई। ज्ञान सिंह ने कहा कि वह लोगों को विदेश भेजने का कार्य करता है। उसे भी विदेश भेज देगा। वह आरोपी के झांसे में आ गया और विदेश जाने बाबत उसने हां कर दी। 23 जुलाई 2023 को ज्ञान सिंह, उसकी पत्नी व पवन की पत्नी शर्मिला उनके घर पर आए और उससे आठ लाख रुपये ले गए। उसी समय उसकी बात मंगू नाम के एजेंट से करवाई। मंगू ने कहा कि मैं तुम्हें कल दुबई भेज रहा हूं वहां पर मेरे आदमी मिलेंगे जो कि तुम्हे इंग्लैंड पहुंचा देंगे। 24 जुलाई को मंगू ने उसे टिकट भेजी और दिल्ली से दुबई भेज दिया। वहां पर उसे ज्ञान सिंह के कुछ लोग मिले। उन्होंने उसे जैसे-तैसे रूस पहुंचा दिया। उसे वहां पर आर्मी ने पकड़ लिया और जेल में बंद कर दिया। इसी दौरान ज्ञान व शर्मिला उसके घर गए और कहा कि आपका लड़का सही सलामत पहुंच गया है व जल्द ही उसे काम दिलवा देंगे। आरोपियों ने उसके परिवार से पांच लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता की मां ने मंगू के खाते में पांच लाख रुपये डाल दिए जबकि पुलिस ने उसको जेल में बंद किया हुआ था। वहां से उसे गोवा डिपोर्ट कर दिया। यहां आने के बाद उसकी बातचीत ज्ञान सिंह से हुई तो उसने उसे कैथल बस स्टैंड पर बुलाया व उसके पासपोर्ट के साथ कुछ छेड़छाड़ कर हैदराबाद जाने के लिए कहा। वहां से भी पुलिस ने उसे दुबई नहीं जाने दिया और कहा कि तुम्हारे पासपोर्ट में गड़बड़ी है। वह अपने घर वापस चला आया। जब उसने यहां आने के बाद अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी पैसे देने में आनाकानी करने लगे और कहने लगे कि कई गैंगस्टरों से उनकी जान पहचान है। अगर पैसे मांगे तो तुम्हें जान से मरवा देंगे। ऐसा करके आरोपियों ने उनके साथ 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। जिस बारे थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया था। प्रवक्ता ने बताया कि उक्त मामले की जांच इकनॉमिक सैल प्रभारी पी.एस.आई. संदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई रणधीर सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी चौहानके जिला बरनाला पंजाब निवासी मंगु सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त मामले में इससे पूर्व 2 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके है। प्रवक्ता ने बताया कि दुसरे मामले में कनाडा भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठगी करने के मामले की जांच इकनॉमिक सैल के एएसआई महेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी भगता बाई जिला बठिंडा पंजाब निवासी गुरप्रीत उर्फ गोपी को काबू कर लिया गया। बता दें कि गांव दयौरा निवासी जरनैलो की शिकायत अनुसार वह अपनी बेटी माफी को कनाडा भेजना चाहती थी। इसके लिए उसने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा। दिए गए नंबरों पर कॉल की तो उसकी बातचीत यमुनानगर निवासी अमनप्रीत कौर, बठिंडा निवासी गुरप्रीत सिंह व मोहाली निवासी शिव चरण शर्मा से हुई है। आरोपियों ने उसकी बेटी को दो महीने के भीतर कनाडा भेजने की बात कही और अलग-अलग समय में 14 लाख रुपये ले लिए। साथ ही माफी का पासपोर्ट लेकर चले गए। 12 सितंबर 2023 को गुरप्रीत सिंह व अमनदीप कौर गांव दयौरा में आए और माफी को साथ लेकर गए। आरोपियों ने उसकी बेटी को थाईलैंड में करीब 45 दिनों तक गुमराह करके रखा और बाद में डरा धमका कर वापस भारत भेज दिया। यहां आकर रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। ऐसा करके आरोपियों ने उनसे 14 लाख रुपये ठग लिए। जिस बारे थाना सदर में मामला दर्ज किया गया था। दोनों आरोपी शनिवार को अदालत में पेश किए जाएंगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
