लाखों के मोबाइल लेकर मैकेनिक फुर्र
कैथल खबर (03 अप्रैल) : कैथल के चीका में एक मोबाइल की दुकान पर काम करने वाला युवक ही दुकानदार के करीब पौने पांच लाख रुपए के मोबाइल चोरी करके ले गया। युवक दो महीने से दुकान पर मोबाइल रिपेयरिंग कर रहा था। दुकानदार के नाम से आसपास के दुकानदारों से लाखों रुपए कीमत के मोबाइल खरीद लिए और उन्हें लेकर भाग गया। इस संबंध में दुकानदार ने चीका थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गांव भूसला निवासी विनोद कुमार ने चीका थाना में दी शिकायत में बताया कि उसकी हैफेड रोड चीका पर थ्री बी मोबाइल रिपेयर के नाम से दुकान है। उसने अपनी दुकान पर नरवाना निवासी सतनाम सिंह को 2 महीने पहले मोबाइल रिपेयर करने के लिए रखा था। दो दिन पहले आरोपी उसका नाम लेकर अन्य दुकानदारों से कुछ मोबाइल लेकर आया था, जिनकी कीमत लगभग पौने पांच लाख रुपए है। चीका थाना के जांच अधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
