सांसद नवीन जिंदल ने पत्रकारों संग मनाई लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का त्यौहार
सांसद नवीन जिंदल ने सोमवार को ग्रेस होटल में लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का त्यौहार स्थानीय पत्रकारों और मीडिया कर्मियों के साथ बेहद उत्साहपूर्ण माहौल में मनाया। कार्यक्रम का आयोजन एक अनौपचारिक और आत्मीय वातावरण में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के साथ अपने संबंधों को और प्रगाढ़ करने की बात भी कही, वहीं एकता, सौहार्द और स्वस्थ रहने का संदेश भी दिया। मीडिया से रूबरू होते हुए नवीन जिंदल ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं। आमजन की आवाज सरकार व प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। समाज में आपकी अहम भूमिका है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति योजनाओं का लाभ उठा सके। उन्होंने कहा लोहड़ी एवं मकर संक्रांति का त्यौहार नई ऊर्जा का प्रतीक है। जिंदल ने इस आयोजन के माध्यम से आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द पर जोर दिया। उत्सव के बीच उन्होंने अनौपचारिक बातचीत में कैथल और आसपास के क्षेत्रों के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। युवाओं में खेलों के प्रति रुझान पैदा करने के लिए भी हाल में सांसद खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई। हमें कोई न कोई खेल जरूर खेलना चाहिए, ताकि हमारा शरीर शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहे। खेल खेलने से हम या तो जीतते हैं या फिर सीखते हैं। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे अपने व्यस्त जीवन में कुछ समय निकाल कर हर रोज व्यायाम जरूर करें। स्वस्थ रहने के लिए अच्छी नींद भी जरूर लें। युवाओं में कौशल विकास के लिए प्रधानमंत्री सेतु योजना शुरू की गई है, जिसके माध्यम से विभिन्न आईटीआई को अपग्रेड किया जाएगा। इसका उद्देश्य युवाओं में स्किल विकसित करके उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सांसद की इस पहल का स्वागत किया। पत्रकारों ने कहा कि इस तरह का आयोजन जन प्रतिनिधियों के साथ संवाद का एक सकारात्मक माध्यम बनता है।
