ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम लाखों रुपए हड़पे आरोपी गिरफ्तार

विदेश भेजने के सब्जबाग दिखाकर आमजन से ठगी करने वाले आरोपियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार जिला पुलिस द्वारा शिकंजा कसा जा रहा है। ऐसे ही ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर लाखों की ठगी करने के एक मामले की जांच एंटी इमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गढौलिया फतेहगढ़ साहिब पंजाब निवासी कमलजीत सिंह को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की गांव बोपुर निवासी गुरजीत कौर की शिकायत अनुसार वह जीएनएम नर्सिंग पास है तथा विदेश (ऑस्ट्रेलिया) स्टडी वीजा पर जाने की इच्छुक थी। उसकी एक सहेली के माध्यम से उसका संपर्क मोहाली स्थित “बाज इंटरनेशनल” नामक इमिग्रेशन कंपनी से हुआ। आरोपी कमलजीत सिंह व प्रियंका शर्मा ने उसे स्टडी बेस पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा दिया और इसके लिए करीब 20 लाख रुपये खर्च आने की बात कही। मई 2024 में शिकायतकर्ता अपने परिजन के साथ मोहाली स्थित कार्यालय गई, जहां आरोपियों ने उसे विश्वास में लेकर उसके शैक्षणिक दस्तावेज प्राप्त कर लिए। इसके बाद आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से अलग-अलग समय पर पैसे मांगने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के कहने पर विभिन्न तिथियों में कुल 7,39,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके बाद आरोपी कमलजीत सिंह 20 अप्रैल 2025 को शिकायतकर्ता के घर आया और स्टडी वीजा की कॉपी दिखाकर विश्वास में लेते हुए 10 लाख रुपये नकद ले गया। बाद में आरोपी ने फ्लाइट टिकट भी दिखाई, लेकिन जब शिकायतकर्ता ने दस्तावेजों की जांच करवाई तो वीजा, टिकट व अन्य कागजात फर्जी पाए गए। जब पीड़िता ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने, मानव तस्करों को बेचने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। बाद में पंचायत के दबाव में आरोपी ने पैसे लौटाने के लिए दो चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए। उक्त शिकायत पर थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी किसी अन्य मामले में पटियाला जेल में बंद था। जिसकी उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए माननीय न्यायालय की मार्फत प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। आरोपी का व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से 3 दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *