तेज आवाज में गाना बजाना पड़ा भारी, ट्रैक्टर चालक का ₹21 हजार का चालान
जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देशानुसार कैथल पुलिस द्वारा ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर चालक को काबू कर उस पर 21 हजार रुपये का चालान किया, वहीं बिना नंबर प्लेट चल रही 6 मोटरसाइकिलों को इंपाउंड किया गया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि अंबाला रोड, कैथल पर एक ट्रैक्टर चालक बड़े-बड़े स्पीकर लगाकर तेज आवाज में गाने बजाते हुए सार्वजनिक मार्ग पर वाहन चला रहा था। इस दौरान ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर सतपाल की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चालक को काबू किया। जांच के दौरान पाया गया कि ट्रैक्टर पर बड़े आकार के स्पीकर लगाए गए थे, टायर मॉडिफाइड थे तथा वाहन पर प्रतिबंधित लाल-नीली लाइट भी लगाई गई थी, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने के चलते उक्त ट्रैक्टर का 21 हजार रुपये का चालान किया गया। इसके अलावा अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस द्वारा बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रही 6 बाइकों को भी जब्त (इंपाउंड) किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि जिले में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अपने वाहनों पर वैध नंबर प्लेट अवश्य लगाएं और अनावश्यक मॉडिफिकेशन से बचें, ताकि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
