बिजली कर्मचारियों के साथ मारपीट मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
बिजली कर्मचारियों की सरकारी ड्यूटी के दौरान चेकिंग टीम पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में थाना पूंडरी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि एस डी ओ सपना रानी की शिकायत अनुसार 21 अगस्त को बिजली विभाग के कर्मचारियों की टीम गांव हजवाना में गई हुई थी। चैकिंग के दौरान गांव के बलराम के मीटर की जांच करते समय गांव के बलराम, दिलबाग सहित अन्य व्यक्तियों ने टीम के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। इस घटना में टीम के जेई सुरेश कुमार को गंभीर चोटें आईं और टीम को जान से मारने की धमकी भी दी गई। जिस बारे थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया था। जांच थाना पूंडरी पुलिस के पीएसआई विक्रम की टीम द्वारा की गई। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी गांव हजवाना निवासी जोगिंदर और दिलबाग को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी मंगलवार को अदालत में पेश किए जाएंगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
