महिलाओं को नशीला पदार्थ सूंघाकर गहने चुराने वाला दूसरा आरोपी पकड़ा

अपराधियों के खिलाफ डीजीपी हरियाणा ओपी सिंह के आदेशानुसार तथा एसपी उपासना के कुशल नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रेक डाउन तहत कैथल पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में नशीला पदार्थ सुंघाकर महिला से सोने की चूड़ियाँ चोरी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ द्वारा दूसरे आरोपी को काबू किया है। आरोपी के खिलाफ इससे पूर्व हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी, सनेचिंग, धोखाधड़ी के करीब 19 मामले दर्ज है।  पुलिस प्रवक्ता ने बताया की सुशीला देव निवासी जोशियान मोहल्ला कैथल की शिकायत अनुसार 22 अक्टूबर की सुबह लगभग 8:45 बजे जब वह बड़ी देवी मंदिर जा रही थी, तभी शीतलपुरी मंदिर के सामने, स्कूल के पीछे ट्रांसफार्मर के पास एक स्कूटर सवार युवक ने मार्केट कमेटी का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका। इसके बाद युवक ने एक कागज दिखाते हुए पूछा कि इस पर कोई नंबर लिखा है या नहीं। उसी दौरान उसका एक साथी भी मौके पर आ गया। जैसे ही उन्होंने कागज हाथ में लिया, उनकी आंखों के आगे अंधेरा छा गया और आरोपियों ने उसके दोनों हाथों में पहनी सोने की 1-1 चूड़ी उतारकर मौके से फरार हो गए। जिस बारे थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टॉफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की अगुवाई में एएसआई जसमेर सिंह की टीम द्वारा करते हुए 18 नवंबर को आरोपी गुरजीत उर्फ गिन्नी निवासी इंद्रा कॉलोनी रोहतक को काबू करके 3 दिन पुलिस रिमांड पर लिया गया था। आरोपी से पूछताछ उपरांत वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी आरोपी इंदिरा कॉलोनी रोहतक निवासी शमशेर को भी काबू कर लिया गया। दोनों आरोपियों ने साथ मिलकर कैथल में इस तरह की 3, उचाना व टोहाना में 1-1 वारदात सहित कुल 5 वारदात की हुई है। आरोपी शमशेर पर इससे पूर्व जिला रोहतक, सोनीपत, हिसार में चोरी, स्नेचिंग, धोखा धड़ी, भगोड़ा के करीब 19 मामले दर्ज है। मामले में पहले काबू करके पुलिस रिमांड पर लिए गए आरोपी गुरजीत पर भी इससे पहले भिवानी, रोहतक, जींद व हिमाचल प्रदेश में चोरी के 7 तथा लड़ाई झगड़ा का एक मामला सहित 8 मामले दर्ज है। आरोपी शमशेर का न्यायालय से एक दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *