बच्चों को बचाने नहर में कूद पड़ी थी ये महिलाएं… डीसी ने किया सम्मानित
बच्चों को बचाने नहर में कूद पड़ी थी ये महिलाएं... डीसी ने किया सम्मानित
कैथल खबर (07 मार्च) कैथल की डीसी प्रीति ने महिला दिवस पर नौच गांव की तीन बहादुर महिलाओं को सम्मानित किया। इन महिलाओं ने पिछले माह हांसी-बुटाना नहर में गिरी स्कूल बस से बच्चों को बचाया था। डीसी प्रीति ने कहा कि इन महिलाओं ने संकट के समय अद्भुत साहस का परिचय दिया। उन्होंने बिना किसी भय के नहर में कूदकर बच्चों की जान बचाई। घटना 17 फरवरी को नौच गांव के पास हुई थी। एक स्कूल बस बेकाबू होकर हांसी-बुटाना नहर में गिर गई थी। हादसे में सात बच्चे घायल हुए थे। इन तीनों महिलाओं ने तत्काल नहर में कूदकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। मुकेश, मोनिका और सुरेंद्र नाम की इन महिलाओं को जिला प्रशासन ने प्रशस्ति पत्र और कंबल देकर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में महिलाओं ने बताया कि उन्होंने बिना कुछ सोचे बच्चों की मदद की। उनका मानना है कि हर बच्चे की जान कीमती होती है। इस अवसर पर गांववासियों ने नहर पुल पर लाइट लगाने और डेरे तक जाने वाली सड़क को पक्का करने की मांग रखी। डीसी ने इन मांगों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।
