राजस्थान में हरियाणा सीएम का जलवा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का राजस्थान के चोमू में सैनी समाज ने किया अभिनंदन
राजस्थान और हरियाणा का रोटी-बेटी का रिश्ता – नायब सिंह सैनी
राजनीति केवल सत्ता पाने का नहीं, बल्कि समाज की सेवा का एकमात्र ध्येय है
हरियाणा सरकार ३६ बिरादरी को साथ लेकर आगे बढ़ रही है- नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार को राजस्थान के चोमू में सैनी समाज द्वारा आयोजित नागरिक अभिनंदन एवं होली मिलन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में भारी संख्या में मौजूद सैनी समाज द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का फूल मालाओं और पुष्प वर्षा से जोरदार स्वागत किया गया। समाज द्वारा मुख्यमंत्री को सम्मान सूचक पगड़ी, शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह सम्मान मेरा नहीं बल्कि आप सब लोगों का है। मैं आप लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि आप सभी ने जो सम्मान की पगड़ी मेरे सर पर रखी है, मैं इस सम्मान को हमेशा ऊंचा करने का काम करूंगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान और हरियाणा का रोटी-बेटी का रिश्ता है, आपने मेरा मान बढ़ाया, उसके लिए आप सब का आभार व्यक्त करता हूं।
कार्यक्रम के दौरान राजस्थान के कैबिनेट मंत्री अविनाश गहलोत और राज्यसभा सांसद श्री राजेंद्र गहलोत भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थितजन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सब केवल सैनी समाज के नागरिक अभिनंदन में नहीं आए बल्कि यह समारोह एकता, भाईचारा और समरसता का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि होली का पर्व रंगों का और खुशियों का पर्व है। यह पर्व हमें सिखाता है कि हम सभी रंगों का भेद भूल करके एकजुट होकर भाईचारे को बढ़ावा दें।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि मैं आज एक मुख्यमंत्री के रूप में आपके बीच में नहीं आया हूं बल्कि आपके बेटे और भाई के रूप में अपने परिवार के बीच आया हूं। आप बुजुर्गों, माताओं और नौजवान साथियों के आशीर्वाद से ही मैं आज इस मुकाम पर हूं। आपका यह प्रेम और विश्वास मुझे बिना रुके आप सबसे जोडऩे की प्रेरणा देता है।
