हैफेड गोदामों में गेहूं पर छिड़का पानी!
पानी के कारण भीगा हुआ गेहूं
कैथल में हैफेड के गोदाम में स्टोर की गई गेहूं पर पानी छिड़कने का एक वीडियो सामने आया है। हैफेड के कर्मचारियों के सामने जैसे ही यह वीडियो आया तो उन्होंने तुरंत इसकी शिकायत डीएम को की। हालांकि अभी तक वीडियो जारी करने वाले का नाम पता नहीं लग पाया है, लेकिन मामला विभाग के उच्च अधिकारियों व डीसी के संज्ञान में भी लाया गया है।
इसकी जांच के लिए चंडीगढ़ मुख्यालय की ओर से 7 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। यह कमेटी मामले की गहनता से जांच करेगी और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट करेगी। जिस गोदाम में पानी छिड़का गया है, उसका चार्ज इंस्पेक्टर संजीव ढुल बताया जा रहा है। संजीव पहले भी इस प्रकार के मामले में सस्पेंड किए गए थे, लेकिन तत्कालीन डीएम कृष्ण कुमार ने उन्हें दोबारा चार गोदाम का चार्ज दे दिया। अब फिर से उनके गोदाम में ऐसा मामला सामने आया है।
कैथल हैफेड डीएम सुरेश कुमार ने बताया कि मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया है। इसकी जांच के लिए 7 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी की ओर से जो रिपोर्ट तैयार की जाएगी उसी के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी। मामले की जांच की जा रही है।
