राज्य के सभी किसानों को सॉयल हैल्थ कार्ड दिए जाएंगे-कृषि मंत्री

86.65 लाख सॉयल हेल्थ कार्ड हो चुके हैं वितरित

चंडीगढ़। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि हर खेत-स्वस्थ खेत अभियान के अन्तर्गत आगामी तीन-चार वर्षों में राज्य के प्रत्येक एकड़ के मृदा नमूने एकत्रित करके सभी किसानों को सॉयल हेल्थ कार्ड दिए जाएंगे।
उन्होंने यहां बताया कि इस अभियान के अंतर्गत अब तक लगभग 70 लाख मृदा नमूने एकत्रित किए जा चुके हैं तथा 55 लाख नमूनो का विश्लेषण करने उपरांत सॉयल हैल्थ कार्ड वितरित किए चुके हैं, शेष नमूनों का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2022 में सॉयल हेल्थ कार्ड प्रोजेक्ट के लिए स्कॉच ग्रुप द्वारा विभाग को स्वर्ण पदक भी मिल चुका है। सॉयल हैल्थ कार्ड योजना के तहत 86.65 लाख सॉयल हैल्थ कार्ड वितरित किए गए हैं।

कृषि मंत्री ने बताया कि राज्य में 17 नई स्थायी मृदा एवं जल परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। विभिन्न मंडियों में 54 नई लघु मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं भी खोली जा चुकी हैं। इसके अलावा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों तथा राजकीय महाविद्यालयों में 240 लघु मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं स्थापित की जा चुकी हैं। इनमें विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों द्वारा मिट्टी के नमूने एकत्रित कर उनका परीक्षण किया जाता है। इस योजना के तहत मृदा जांच हेतु विभाग द्वारा 26 मई, 2022 को ‘हर खेत-स्वस्थ खेत का पोर्टल लॉन्च किया गया।
श्याम सिंह राणा ने आगे बताया कि फलों, सब्जियों, मिट्टी और पानी में कीटनाशक अवशेषों की निगरानी के लिए सिरसा और करनाल में प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं। वर्ष 2023-24 मे कुल 3640 नमूनों के विश्लेषण किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का प्रयास है कि किसानों की भूमि का परीक्षण करके उनको खेती के लिए सही मार्गदर्शन किया जाए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *