हॉफ मैराथन की तैयारियां पूरीं, जन प्रतिनिधियों से भी मिलेंगे सीएम

आगामी 13 जुलाई को आयोजित होने वाली हॉफ मैराथन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार सायं डीसी प्रीति व एसपी आस्था मोदी ने मैराथन रूट सहित 12 जुलाई को आयोजित होने वाली बैठकों को लेकर आरकेएसडी कॉलेज का दौरा किया। जहां तैयारियों की समीक्षा करते हुए अंतिम रूप दिया। डीसी ने आमजन का आह्वान किया है कि वे हॉफ मैराथन में बढ़चढ़ कर भाग लें।

                   डीसी प्रीति व एसपी आस्था मोदी सबसे पहले आरकेएसडी कॉलेज में पहुंचे। जहां उन्होंने प्रिंसिपल कक्ष, मुख्य सभागार कक्ष का दौरा किया। इसके साथ-साथ पार्किंग एरिया का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने मैराथन रूट का बारीकि से निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान मीडिया से बातचीत में डीसी प्रीति ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी शनिवार 12 जुलाई बाद दोपहर कैथल पहुंचेंगे। जहां वे आरकेएसडी कॉलेज में आमजन से मिलने के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे। इसके साथ अधिकारियों   के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। रविवार सुबह यानी 13 जुलाई को सुबह पांच बजे हॉफ मैराथन का आयोजन होगा। जिसे मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। उन्होंने कहा कि हॉफ मैराथन को लेकर जिले में विशेष उत्साह बना हुआ है। अब तक भारी संख्या में लोगों ने हॉफ मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। 12 व 13 जुलाई को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर डयूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त कर दिए गए हैं। उन्होंने जिलावासियों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में माननीय मुख्यमंत्री जी की नशा विरोधी मुहीम में शामिल होकर ड्रग फ्री हरियाणा मिशन को सफल बनाएं।

          एसपी आस्था मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैराथन रूट पर करीब 1500 से अधिक पुलिस कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। दूसरे जिलों से दो डीएसपी की अगुवाई में एक कंपनी  अतिरिक्त तौर पर तैनात की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नशा विरोधी मुहीम के तहत पुलिस ने कई गांवों को नशामुक्त घोषित किया है। यह एक निरंतर प्रक्रिया है। इसलिए लोग हॉफ मैराथन में भाग लेकर ड्रग फ्री हरियाणा के संकल्प को मजबूत करें।

          इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी, जिला प्रभारी अमरपाल राणा सहित वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक गुर्जर, आरकेएसडी कॉलेज के प्रधान अश्वनी शोरेवाला, प्रिंसिपल एसएस मैहला, प्रबंधक समिति के उपाध्यक्ष श्याम बंसल, भाजपा जिला महामंत्री सुरेश संधू, मनीष शर्मा, शैली मुंजाल सहित अन्य पदाधिकारी व अधिकारीगण भी मौजूद रहे।

मैराथन विजेताओं को दिया जाएगा नकद पुरस्कार

डीसी प्रीति ने बताया कि 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख 21 हजार रुपये, द्वितीय को एक लाख रुपये तथा तृतीय को 75 हजार रुपये का नकद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं 10 किलोमीटर मैराथन में प्रथम विजेता को एक लाख रुपये, द्वितीय को 75 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये की नकद इनाम दिया जाएगा। पांच किलोमीटर की दौड़ रन फॉर फन होगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग कैटेगरी बनाई गई है।

यह रहेगा मैराथन का रूट

पांच किलोमीटर मैराथन           : अंबाला रोड स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से शुरू होकर आरकेएम पैलेस तक  जाकर वापस विश्राम गृह में समाप्त होगी। (ढाई किलोमीटर एक साइड कुल आना-जाना पांच किलोमीटर)

10 किलोमीटर मैराथन : लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से एचसीटीएम कॉलेज तक जाकर वापस विश्राम गृह में समाप्त होगी। प्रतिभागी को आने-जाने का एक चक्कर लगाना होगा। (एक साइड पांच किलोमीटर, कुल दस किलोमीटर)

21 किलोमीटर मैराथन : लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से एचसीटीएम कालेज तक जाकर वापस विश्राम गृह में समाप्त होगी। प्रतिभागी को आने-जाने के दो चक्कर लगाने होंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *