कैथल में ड्रेन में गिरने से युवक की मौत
कैथल में ड्रेन में गिरने से युवक की मौत
कैथल के शक्तिनगर में शिलाखेड़ा रोड पर ड्रेन में गिरने से 19 साल के युवक की मौत हो गई। युवक ट्रैक्टर पर सवार था और मजदूरी करके घर आ रहा था। जैसे ही वह ड्रेन पर से ट्रैक्टर को मोड़ने लगा तो एकदम संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर ड्रेन में पलट गया। इससे युवक ट्रैक्टर के नीचे फंस गया और उसकी मौत हो गई। घटना रात करीब साढ़े नौ से 10 बजे की है। सूचना मिलने पर पुलिस व गांववासी मौके पर पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद उसे ड्रेन से बाहर निकाला गया। युवक की पहचान शक्तिनगर निवासी 19 वर्षीय सन्नी के रूप में हुई है।मौके पर पहुंचे लोगों ने कहा कि ड्रेन के साथ सड़क है। इस पर विभाग की ओर से कोई दीवार नहीं बनाई गई है। आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। कभी बच्चे इसमें गिर जाते हैं तो कभी उनके वाहन व पशु गिर जाते हैं। उन्होंने ड्रेन के साथ दीवार बनाने की मांग की है। शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच की जा रही है।
