कलायत में नगरपालिका चेयरमैन अंकित जैलदार ने लिया चार्ज
कलायत : नगर पालिका नव निर्वाचित अध्यक्ष और सभी 16 पार्षदों ने सोमवार को हवन में आहुतियां डालते हुए जन प्रतिनिधि के तौर पर कार्यभार संभाला। नवरात्रि पर्व की शुरूआत के साथ ही जिम्मेवारियों को संभालने पहुंचे नव निर्वाचित जन प्रतिनिधि और उनके समर्थक उत्साहित दिखेे। इस दौरान शहर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों और जन समस्याओं को लेकर चर्चा हुई। पेयजल संकट और सीवरेज प्रणाली का मुद्दा प्रमुखता सेे उठा।
इसके साथ ही खेल स्टेडियम सहित कई भावी और अधूरे विकास कार्यों को सिरे चढ़ाने के लिए रूप रेखा तय की गई। नगरपालिका प्रधान अंकित जैलदार ने कहा कि जो वायदे उन्होंने चुनावों में नगर की जनता से किए हैं उनको प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं की सबसे बड़ी मांग खेल स्टेडियम की है। इसके अलावा नगर की जिन गलियों में स्ट्रीट लाइट नहीं है वहां लगवाना और जो खराब हैं उनको ठीक करवाना, सीवरेज प्रणाली को दुरुस्त करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। इसके अलावा भगवान परशुराम सामुदायिक केंद्र, अग्रसेन पार्क व महाराणा प्रताप सामुदायिक केंद्र के अधूरे निर्माण को पूरा करवाना प्राथमिकताओं में शामिल है। नगरपार्षदों को साथ लेकर वे नगर में विकास का नया अध्याय लिखेंगे।
