बीमा क्लेम के नाम पर 90 हजार रुपए हड़पने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
बीमा क्लेम के नाम पर 90 हजार रुपए हड़पने के मामले की जांच थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर गीता की अगुवाई में एसआई रणदीप सिंह की टीम द्वारा करते हुए आरोपी राजेंद्र सेठ कालोनी कैथल निवासी हरप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव फतेहपुर निवासी राम सिंह की शिकायत अनुसार 9 अगस्त 2023 को देवी मंदिर फतेहपुर के पास दीवार से टकराकर उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई थी। गाड़ी का इंश्योरेंस था। उसने गाड़ी ठीक करवाने के लिए अम्बाला रोड स्थित कलेयर मोटर गैराज के मालिक हरप्रीत से बात की तो वह टोचन करके गाड़ी को कलेयर मोटर गैराज कैथल में ले गए। गाड़ी ठीक करने के नाम पर एक-दो दिन करते हुए पूरे 9 महीने निकाल दिए। वह कलेयर मोटर गैराज के मालिक हरप्रीत सिंह के चक्कर काटता रहा। उसकी गाड़ी की मरम्मत टेम्परेरी तौर पर कर दी। गाड़ी से सीट बेल्ट, सीट कवर, डैशबोर्ड, खिड़की के गोले, इंजन कवर, रेडिएटर, पाइप सहित काफी सामान चोरी कर लिया। बार-बार कॉल करने के बाद भी गाड़ी ठीक नहीं करवाई। फर्जी तरीके से क्लेम के 90 हजार रुपए हड़प गए। इंश्योरेंस कंपनी के एसएमएस भी अपने ही नंबरों पर प्राप्त करते रहे। आरोप है कि हरप्रीत सिंह, चोला मंडल बीमा कंपनी के सर्वेयर अमन, अमनदीप कौर व दो-तीन अन्य व्यक्तियों ने मिलकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। जिस बारे थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी मंगलवार को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
