किशोर पर जानलेवा हमला करने के मामले में नाबालिग को पकड़ा
थाना पुंडरी क्षेत्र के अंतर्गत गांव खनोदा में एक नाबालिग लड़के पर जानलेवा हमला किए जाने के मामले की जांच थाना पूंडरी पुलिस के पीएसआई सुनील कुमार की टीम द्वारा करते हुए गांव खनौदा निवासी 14 वर्षीय नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गाँव खनौदा निवासी व्यक्ति की शिकायत अनुसार उसका 15 वर्षीय बेटा 21 नवंबर को दोपहर लगभग 3:30 बजे से 4:00 बजे के बीच हेयर कटिंग करवाने घर से गया था। इसी दौरान गांव के एक युवक द्वारा उनकी पत्नी को सूचना दी गई कि शिवम का किसी से झगड़ा हो गया है और उसे गंभीर चोटें लगी हैं। सूचना मिलते ही पीड़ित की मां मौके पर पहुंची और चोटिल बेटे को पहले गांव के डॉक्टर के पास ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उसे कैथल के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन तुरंत उसको कैथल ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के पश्चात चिकित्सकों ने उसकी हालत को देखते हुए उच्च केंद्र रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसको अरविंद अस्पताल करनाल में दाखिल कराया, जहां उसका उपचार जारी है। पीड़ित के पिता अनुसार गांव खनोदा निवासी एक युवक ने उनके बेटे शिवम पर जान से मारने की नीयत से बर्फ फोड़ने वाला नुकीला औजार (सुआ) सिर में घोंपकर हमला किया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। जिस बारे थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया। पूछताछ में सामने आया है कि युवको के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, उक्त युवक द्वारा पीड़ित पर पेचकस से हमला कर दिया गया। नाबालिग के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद कर लिया गया। नाबालिग अदालत के आदेशानुसार बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया गया।
