कैथल में 24 हजार 545 महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ
हरियाणा सरकार की महत्वाकांक्षी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत कैथल जिले में 24 हजार 545 महिलाओं को लाभ मिलेगा। इन महिलाओं को पेंशन दिए जाने की स्वीकृति मिल गई है। इनके खाते में सरकार द्वारा निर्धारित समय पर पेंशन की 2100 रुपये की राशि भेज दी जाएगी।
हरियाणा में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में सरकार ने चुनाव से पूर्व महिलाओं को 2100 रुपये पेंशन देने का वादा किया था। सरकार ने चुनाव के बाद एक साल के अंदर अंदर अपने इस वायदे को अमलीजामा पहनाते हुए नवंबर माह में इस योजना का शुभारंभ कर दिया था। जिसमें प्रदेश भर में पात्र महिलाओं से आवेदन मांगे गए थे। इस प्रक्रिया में जिले में 24 हजार 560 महिलाओं ने योजना का लाभ देने का आवेदन किया था। जिला समाज कल्याण विभाग की जांच में 15 आवेदनों में तकनीकी या दस्तावेजी त्रुटियां पाए जाने पर उनके आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए। इनमें से शेष 24 हजार 545 आवेदनों को सफलतापूर्वक स्वीकार कर उनकी पेंशन स्वीकृत कर दी गई है। विभागीय जानकारी के अनुसार निर्धारित समय पर इन महिलाओं खाते में 2100 रुपये की राशि बतौर पेंशन भेज दी जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार जो पेंशन आवेदन अस्वीकृत हुए हैं, उनमें भी त्रुटि दूर करने के लिए विभाग मुख्यालय से संपर्क किया जा रहा है। महिलाओं के आवेदन पर डीसी अपराजिता की अगुवाई में तेजी से काम किया जा रहा है। अब तक स्वीकृत आवेदनों का लाभ मिलने से महिलाओं को अपने जीवन यापन में मदद मिलेगी।
योजना का लाभ लेने के लिए ये शर्तें पूरी करें प्रार्थी-
इस योजना का लाभ उठाने के लिए प्रत्येक पात्र लाभार्थी के नाम पर एक चालू बैंक खाता होना चाहिए। पात्र महिला की आयु 23 वर्ष से 60 वर्ष के मध्य होनी चाहिए। परिवार की सत्यापित वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक न हो, जो महिला किसी अन्य राज्य से हरियाणा में विवाहित है जिसका पति हरियाणा का निवासी है और आवेदन के समय पिछले 15 वर्षों या उससे अधिक समय से हरियाणा राज्य में रह रहा है वह महिला इस योजना की पात्र है। एक नवंबर से महिलाओं के खाते में योजना का लाभ आना शुरू हो जाएगा।
महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना योजना का मुख्य लक्ष्य
डीसी अपराजिता ने कहा कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का मुख्य उद्देश्य महिला सशक्तिकरण और लड़कियों को सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है। इस योजना के माध्यम से स्वीकृत हुई पेंशन 2100 रुपये की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं को प्राप्त होगी, जो उन्हें अपने दैनिक जरूरतों को पूरा करने, बच्चों की शिक्षा में निवेश करने और अपने जीवन स्तर को सुधारने में मदद करेगी।
डीसी अपराजिता ने कहा कि यह सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे बचे हुए 15 आवेदनों में भी त्रुटियों को जल्द से जल्द दूर करवा कर मुख्यालय से अनुमोदन प्राप्त करने की दिशा में तेजी से काम करें। इस बड़ी संख्या में पेंशन की स्वीकृति से कैथल जिले की महिलाओं में एक सकारात्मक ऊर्जा को बल मिलेगा, जो उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर ले जाएगा।
