कठवाड़ गांव में किया गया रात्रि प्रवास कार्यक्रम का आयोजन, ई-लाइब्रेरी की मिली सौगात
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के विजन प्रशासन जनता के द्वार को धरातल पर उतारते हुए जिला प्रशासन गांवों में दस्तक दे रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को जिले के गांव कठवाड़ में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें डीसी अपराजिता ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। उन्होंने कई समस्याओं का मौके पर निपटारा किया और अन्य समस्याओं को लेकर अधिकारियों को तय समय अवधि में समाधान निर्देश दिए गए। इस अवसर पर पूर्व विधायक लीला राम व पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ विशेष रूप से मौजूद रहे।

कार्यक्रम में पहुंचने पर सरपंच हरविंद्र कौर सहित अन्य ग्रामवासियों ने डीसी अपराजिता सहित प्रशासनिक टीम का स्वागत किया। पंचायत की ओर से पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ ने डीसी के समक्ष तालाब की सफाई, गांव के अड्डे पर बस का ठहराव, डिस्पेंसरी बनवाने, ई-लाइब्रेरी, स्कूल में कमरों की संख्या बढ़ाने तथा स्टेडियम बनवाने की मांग रखीं। इसके अलावा विभिन्न ग्रामीणों ने तालाब ओवरफ्लो, पेयजल की समस्या, पेंशन, लोन न मिलने, जमीन अधिग्रहण के पैसे न मिलने, बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र न बनने, पीएम आवास की किस्त न मिलने आदि से संबंधित समस्या रखी। डीसी ने कई शिकायतों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर निस्तारण कराया। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा सौंपे गए मांग पत्र पर त्वरित संज्ञान लेते हुए डीसी ने अधिकारियों को फिजिबिलिटी चेक करने के निर्देश दिए।

डीसी ने ग्रामीणों के सहयोग से संचालित की जा रही लाइब्रेरी का भी निरीक्षण किया। ग्रामीणों और विशेषकर युवाओं की मांग पर डीसी ने गांव में एक ई-लाइब्रेरी बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही प्रगति का आधार है। ई-लाइब्रेरी के माध्यम से गांव के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी प्रकार गांव में जलभराव और गंदे पानी की निकासी की समस्या को देखते हुए डीसी ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को गांव में माइक्रो सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

डीसी ने चौपाल में बैठकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और गांव के विकास के लिए उनके सुझाव मांगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार आयोजित इन रात्रि ठहराव कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं को सरल बनाना है। प्रशासन खुद जनता के बीच पहुंच रहा है ताकि किसी भी व्यक्ति को अपने काम के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़े। आमजन की समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जो भी समस्याएं ग्रामीणों द्वारा रखी गई है, संबंधित अधिकारी पर तय समय अवधी में इनका समाधान सुनिश्चित करें।

डीसी अपराजिता ने नशा और यातायात नियमों को लेकर ग्रामीणों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक सुरक्षित और अपराध मुक्त समाज की नींव अपने गांव से ही शुरू होती है। सबसे पहले नशा मुक्ति का संकल्प अपने घर और गांव से लें। यदि आपके क्षेत्र में कोई भी नशा तस्करी में लिप्त है, तो उसकी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इसी प्रकार सभी आमजन यातायात नियमों का पालन करें और वाहन चलाते समय गति सीमा का ध्यान रखें, दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें। आपकी सुरक्षा आपके परिवार की मुस्कान है।

इस अवसर पर पूर्व विधायक लीला राम, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष मनीष कठवाड़ एडीसी डॉ सुशील कुमार, जिला परिषद के सीईओ सुरेश राविश, सीटीएम गुरविंदर सिंह, डीएसपी सुशील प्रकाश, डीडीए सुरेंद्र यादव, एलडीएम सुमन कुमार सहित जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी और सरपंच हरविंद्र कौर, जागर सिंह, करनैल सिंह, मदन, रामकुमार, बिट्टू, पंकज, पवन सहित भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

विभागीय स्टालों के जरिए योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा प्रदर्शनी और स्टॉल भी लगाए गए थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आयुष्मान भारत, परिवार पहचान पत्र और कृषि कल्याण जैसी जनहितकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। मंच के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने की आवेदन प्रक्रिया भी समझाई गई। इस रात्रि ठहराव कार्यक्रम से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और भी गहरा हुआ है।
