30 व 31 जुलाई को आयोजित होगी HTET परीक्षा : एसडीएम
एसडीएम अजय सिंह ने कहा कि आगामी 30 व 31 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा तीन सत्र में दो दिन आयोजित की जाएगी। जिला में 14 हजार 348 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। सभी संबंधित अधिकारी अपनी ड्यूटी को बड़ी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। बोर्ड द्वारा जारी की गई गाइडलाइन को ध्यान से पढ़े और उसका शत प्रतिशत पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को नकल रहित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाएं। एचटेट परीक्षा के जिला नोडल अधिकारी एसडीएम अजय सिंह सोमवार को लघु सचिवालय के सभागार में ड्यूटी मजिस्ट्रेट, परीक्षा केंद्र अधीक्षक की बैठक लेकर उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि सबसे पहले सीईटी परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सभी अधिकारियों को बधाई दी और एचटेट परीक्षा के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दी। उन्होंने बताया कि परीक्षा में तीन लेवल होंगे, जिसमें पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (पीजीटी), ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (टीजीटी) तथा प्राथमिक शिक्षक (पीआरटी) की परीक्षा शामिल है। पीजीटी की परीक्षा 30 जुलाई को सायं कालीन सत्र में होगी और इसमें 4446 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार 31 जुलाई को सुबह के सत्र में टीजीटी की परीक्षा होगी और सायं कालीन सत्र में पीआरटी की परीक्षा होगी। दोनों परीक्षाओं में क्रमश: 7538 और 2364 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट बोर्ड द्वारा निर्धारित समय अनुसार प्रश्न पत्रों को ट्रेजर से प्राप्त करके परीक्षा केंद्र तक पहुंचना सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्र अधीक्षक से मिलकर सुनिश्चित करें कि सीसीटीवी कैमरे, जैमर आदि निर्धारित समय पर चल जाएं। उन्होंने अधिकारियें को निर्देश देते हुए कहा कि पूरी तरह सतर्क होकर अपनी ड्यूटी करें। ड्यूटी मजिस्ट्रेट प्रश्न पत्र लेने के बाद परीक्षा केंद्र में जमा करवाते हुए वीडियोग्राफी करवाएं। परीक्षा केंद्र के बाहर सुरक्षा कर्मचारी लोगों को अनावश्यक एकत्रित न होने दें। अभ्यर्थियों की गहनता के साथ तलाशी लें और किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या मोबाइल आदि परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूरी तरह निषेध है। परीक्षार्थियों के साथ सहज भाव से पेश आएं और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने अभ्यर्थियों से भी अपील की कि वे समय पर परीक्षा केंद्र पर पहुंचे और बोर्ड द्वारा जारी की गई गाइडलाइन का पालन करते हुए परीक्षा दें। जिला शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी ने परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी और हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी हिदायतों के बारे में विस्तार से बताया। इसके बाद केंद्रों अधीक्षकों की शंकाओं को दूर किया गया। बोर्ड से आए अधिकारी ने परीक्षा को लेकर जारी एसओपी के बारे में जानकारी दी।
एचटेट की परीक्षा को लेकर धारा 163 लागू
कैथल, 28 जुलाई। आगामी 30 व 31 जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) की परीक्षा है। जिलाधीश प्रीति ने इस परीक्षा को नकल रहित एवं शांति पूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला में स्थित परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने और हथियार आदि ले जाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों की 200 मीटर की परिधि में 30 व 31 जुलाई को पांच या इससे अधिक व्यक्तियों के एकत्रित होने पर पाबंदी रहेगी। इसके अतिरिक्त इसी परिधि में परीक्षा केंद्रों के पास स्थित फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा परीक्षार्थी द्वारा मोबाइल फोन, पेजर, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस आदि भी परीक्षा केंद्रों में ले जाने पर पाबंदी रहेगी। यह आदेश परीक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों व पुलिस बल के जवानों पर लागू नहीं होंगे। इन आदेशों की उल्लंघना करने वाले व्यक्ति के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
