रोजगार मेले में 106 युवाओं को मिला जॉब ऑफर लेटर
जिला रोजगार कार्यालय द्वारा जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय कैथल में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इसमें 106 युवाओं को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए। जिला रोजगार अधिकारी ममता कुमारी ने बताया कि मेले के दौरान 123 इच्छुक प्रार्थियों ने नौकरियों के लिए पंजीकरण करवाया व 106 प्रार्थियों को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए। पुखराज हेल्थकेयर करनाल द्वारा 24 युवाओं को, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस कैथल द्वारा 36, भारत फाइनेंस इंक्लूजन कैथल द्वारा 16, एकांश मोटर्स कैथल द्वारा 10, एलआईसी जीवन बीमा कैथल 20 युवक व युवतियों को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए। रोजगार मेले के आयोजन में रोजगार विभाग कैथल, राजकीय आईटीआई कैथल, श्रम विभाग कैथल, राजकीय बहू तकनीकी संस्थान चीका, एमएसएमई विभाग कैथल, उच्चतर शिक्षा विभाग व उद्योग विभाग का योगदान रहा। हर महीने इस तरह के रोजगार मेलों का आयोजन युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए किया जाता है।
