फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित “माइ भारत क्विज” में 3000 छात्रों ने भाग लिया

देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और छात्रों में राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने के उद्देश्य से, फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया द्वारा “माइ भारत क्विज” के लिए प्रारंभिक परीक्षा कैथल जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। सांसद एवं फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन और “ऑपरेशन सिंदूर” की वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित क्विज  के लिए प्रारंभिक परीक्षा ने विद्यार्थियों के बीच उत्साह और जागरूकता का एक नया वातावरण तैयार किया। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के इस प्रयास की सराहना करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल की इस विशेष पहल के अंतर्गत कैथल के 100 स्कूलों में एक साथ “माइ भारत क्विज” की प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें लगभग 3000 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों को भारत के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और  राष्ट्रीय ध्वज संबंधित जानकारी से जोड़ने का प्रयास किया गया । प्रारंभिक परीक्षा में विद्यार्थियों को 30 बहुविकल्पीय प्रश्नों का एक सेट प्रदान किया गया, जिसके माध्यम से उनकी सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और देश के इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम के प्रति समझ का मूल्यांकन किया गया। इस परीक्षा का संचालन पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से किया गया, जिससे विद्यार्थियों को एक निष्पक्ष और प्रेरणादायक प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण प्राप्त हो सके। “माइ भारत क्विज” के जिला नोडल अधिकारी कुशल कुमार ने प्रारंभिक परीक्षा के संचालन का स्कूलों में जायजा लेते हुए बताया कि इस प्रकार की पहल न केवल विद्यार्थियों के ज्ञान को बढ़ाती है, बल्कि उनमें राष्ट्र के प्रति सम्मान, जिम्मेदारी और गर्व की भावना भी विकसित करती है। छात्रों ने भी इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसे अपने लिए एक नया सीखने का अवसर बताया। सांसद नवीन जिन्दल के कैथल कार्यालय प्रभारी रविन्द्र धीमान ने जानकारी देते हुए बताया कि यह क्विज केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि एक अभियान है, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को उनकी जड़ों से जोड़ना और उन्हें एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। प्रारंभिक परीक्षा के सफल आयोजन के बाद आगामी चरणों की भी योजना बनाई जा रही है, जिसमें चयनित प्रतिभागियों को आगे प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर डॉ राज कुमार, प्रधानाचार्य आशु बग्गा, अरुण शर्मा, निशु आदि उपस्थित रहे |

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *