कैथल में 62 जगहों पर लगेंगे CCTV कैमरे
जिला पुलिस द्वारा शहर की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस विभाग की ओर से कैथल शहर को पूरी तरह सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में लाने की योजना तैयार की गई है। इसके तहत थाना शहर क्षेत्र के विभिन्न 62 चौक-चौराहों तथा सार्वजनिक स्थानों पर लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की सहायता से जहां शहर में होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा सकेगी, वहीं किसी भी वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले अपराधियों को जल्द से जल्द ट्रेस कर गिरफ्तार करने में भी सहायता मिलेगी। पुलिस विभाग द्वारा कैमरे लगाने के लिए विस्तृत मैप तैयार किया गया है, ताकि शहर के प्रत्येक संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्र को कवर किया जा सके। जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि यह सभी सीसीटीवी कैमरे सामाजिक संस्थाओं तथा सामाजिक व्यक्तियों के सहयोग से लगाए जाएंगे। शहर के ऐसे स्थानों को प्राथमिकता दी गई है जहां लोगों की आवाजाही अधिक रहती है तथा आपराधिक घटनाओं की संभावना बनी रहती है। उन्होंने बताया कि कैमरों के माध्यम से शहर को चारों दिशाओं से कवर किया जाएगा, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सके। यदि शहर के अंदर कोई आपराधिक वारदात होती है तो या तो वह कैमरों में कैद हो जाएगी अथवा वारदात करके भागने वाले व्यक्तियों की पहचान स्पष्ट रूप से हो सकेगी, जिससे उन्हें शीघ्र गिरफ्तार करने में मदद मिलेगी। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि कैथल पुलिस जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में भी सामाजिक सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रयास कर रही है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।
