विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी काबू

विदेश भेजने के सब्जबाग दिखाकर आमजन से ठगी करने वालों के खिलाफ एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार कैथल पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। ऐसे ही इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.50 लाख रुपए की ठगी करने के मामले की जांच एंटी एमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में एएसआई रणधीर सिंह की टीम द्वारा आरोपी गांव राजपुरा जिला पटियाला पंजाब निवासी गुरबाज सिंह उर्फ गैवी को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया की टयोंठा निवासी शेर सिंह की शिकायत अनुसार उसके चाचा अमरीक सिंह के साथ पटियाला निवासी गुरबाज सिंह उर्फ गैवी नाम के व्यक्ति का आना जाना था। गुरबाज ने उसके चाचा से कहा कि अगर तुम्हें किसी को विदेश भेजना हो तो मुझे बता देना। वर्ष 2019 में गुरबाज और उसकी पत्नी श्वेता टयोंठा गांव में उसके घर पर आए। आरोपियों ने उसे छह महीने में इंग्लैंड भेजने और वहां पर काम दिलाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने 14 लाख रुपये मांगे। आरोपियों ने उसके दस्तावेज ले लिए और जल्द काम करने की बात कही। शेर सिंह के मुताबिक दिसंबर 2019 से मार्च 2020 तक 10 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। बाद में कोरोना महामारी के कारण सभी कामकाज बंद हो गए तो आरोपियों ने लॉकडाउन के बाद विदेश भेजने की बात कही। जनवरी 2023 में आरोपियों ने उसके घर पर आकर एक लाख और ले लिए व कहा कि जल्द वीजा आ जाएगा। अप्रैल 2023 तक उसका वीजा नहीं आया तो उसने फिर आरोपियों से बातचीत की। फिर भी वे टाल मटोल करते रहे। शेर सिंह ने कहा कि काफी इंतजार के बाद फरवरी 2025 में जब उसने आरोपियों से अपने पैसे व दस्तावेज वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे छेड़छाड़ के केस में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी। ऐसा करके आरोपियों ने उसके साथ 12 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली। जिस बारे थाना पूंडरी में मामला दर्ज किया गया। आरोपी गुरबाज से व्यापक पूछताछ के लिए अदालत से 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *