OLX पर बाइक बेचने के बहाने ठगी आरोपी काबू
साइबर ठगी करने वाले आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा ओएलएक्स पर पुरानी बाइक बेचने के नाम पर ठगी करने के मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में एएसआई विनोद कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी गांव नांगल जिला दौसा राजस्थान निवासी सागर सोनी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूंडरी निवासी बलदेव की शिकायत अनुसार 30 अप्रैल 2024 को उसने ओएलएक्स पर पुरानी बाइक बेचने को लेकर विज्ञापन देखा था। उसने विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो उसने फोन नहीं उठाया। कुछ देर बाद उसके वाट्सएप एक पुरानी बाइक का फोटो आ गया। उस नंबर से फोन आया और फोन करने वाले ने स्वयं का नाम ईश्वर चंद बताया। उसने कहा कि वह फौज में नौकरी करता है और अब उसकी हिसार से जम्मू कश्मीर में बदली हो गई है। वह अपनी पुरानी बाइक बेचना चाहता है और इसके लिए नौ हजार रुपये देने होंगे। उसने कहा कि नौ हजार रुपये तो ज्यादा हैं तो ठग ने कहा कि कोई बात नहीं एक हजार रुपये कम दे देना। उसने बाइक की आरसी और फोटो उसके पास भेज दी। उसके बाद उसने बाइक घर भेजने के नाम पर अलग-अलग समय में उससे 77 हजार 320 रुपये ले लिए और बाइक नहीं दी। जिस बारे थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। उपरोक्त मामले में पहले ही 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका हैं। आरोपी सागर सोनी ने मामले में पहले गिरफ्तार किए जा चुके आरोपी सिराजुद्दीन को बैंक खाता उपलब्ध करवाया था। आरोपी सागर सोनी को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जिससे पूछताछ की जा रही है।
