सीएम विंडो, जन संवाद और एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतें न रहें लंबित : एडीसी
एडीसी दीपक बाबूलाल करवा ने कहा कि सीएम विंडो, जन-संवाद और एसएमजीटी पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का जल्द से जल्द निपटान किया जाए। यह पोर्टल हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा हैं। वे स्वयं इनकी समीक्षा करते हैं। सभी विभागाध्यक्ष इन पोर्टल को गंभीरता से लें। यदि कोई मामला कोर्ट आदि में विचाराधीन है तो उससे संबंधित एटीआर समयबद्ध अपलोड की जाए। इसके अलावा समाधान शिविर में आनी शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एडीसी दीपक बाबू लाल करवा बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में सीएम विंडो, जन-संवाद, एसएमजीटी पोर्टल तथा समाधान शिविर में आई शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए पोर्टल्स पर लंबित शिकायतों की क्रमवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की प्राप्ति के तुरंत बाद उनकी स्थिति की जानकारी पोर्टल पर अपडेट की जाए और एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) समयसीमा के भीतर अवश्य अपलोड की जाए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित तौर पर संबंधित पोर्टल्स को चेक करें और जो भी शिकायतें प्राप्त हुई हों, उनका तय समय सीमा में समाधान करें। किसी भी शिकायत को ओवरड्यू न होने दिया जाए। ऐसी कई शिकायतें होती हैं, जिनमें मामला एक से अधिक विभाग के साथ जुड़ा होता है, ऐसी स्थिति में आपसी तालमेल बनाकर एक संयुक्त प्रयास के साथ समाधान किया जाए। यदि किसी विभाग को किसी शिकायत के समाधान में तकनीकी या प्रशासनिक कठिनाई आ रही है तो वह सीएम विंडो जिला नोडल अधिकारी के साथ साझा करें और मिलकर उसका समाधान निकालें। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त सुशील कुमार, एचएसवीपी ईओ वकील अहमद, कैथल एसडीएम अजय सिंह, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, जिला परिषद डिप्टी सीईओ रितु लाठर, डीआरओ चंद्रमोहन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
