समाधान शिविर में आई शिकायतों के निवारण में कैथल जिला प्रदेश में प्रथम

जिले में आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में आई शिकायतों के निवारण में कैथल जिला हरियाणा में नंबर वन जिला बना है। कुल प्राप्त शिकायतों में से मात्र एक प्रतिशत ही शिकायतें लंबित हैं। जिनके निवारण लिए अधिकारी लगे हुए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से आयुक्त एवं सचिव अमित कुमार अग्रवाल ने पूरे प्रदेश की वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी प्रीति सहित पूरे जिला प्रशासन की सराहना की। डीसी प्रीति ने समाधान शिविर में आने वाली शिकायतों के त्वरित समाधान एवं प्रदेश में सबसे कम पेंडेंसी होने का श्रेय जिला की पूरी प्रशासनिक टीम को दिया। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपसी तालमेल के साथ ओर अधिक मेहनत करें। बेहतर परफॉर्मेंस के स्टेटस को बरकरार रखें। समाधान शिविरों में आई शिकायतों का तुरंत समाधान करके गुणवत्तापूर्वक एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) अपलोड करें। डीसी प्रीति ने बताया कि जिले में अब तक कुल 5093 शिकायतें समाधान शिविरों में प्राप्त हुई हैं, इसमें से 4690 शिकायतों का संबंधित विभागों द्वारा समाधान कर दिया गया है। वहीं 358 शिकायतें तकनीकी कारणों जैसे कोर्ट केस या नोट फिजिबिलिटी के कारण रिजेक्ट हुई हैं। इस समय कुल 45 शिकायतें पेंडिंग है, जिनका संबंधित विभाग जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी इसे अपना सौभाग्य समझें कि ईश्वर ने आपको समाज सेवा का मौका दिया है। हर एक फरियादी समाधान शिविर या आपके कार्यालय में एक उम्मीद लेकर आता है, उसकी शिकायत का निवारण कर आमजन की उम्मीद पर खरा उतरें। जिन भी विभागों की शिकायत पेंडिंग है, वो प्रमुखता के साथ उनका निवारण करें। इसके अलावा डीसी प्रीति ने जन संवाद, सीएम विंडो तथा एसएमजीटी पर आने वाले शिकायतों की भी विभाग अनुसार समीक्षा की और इन शिकायतों को जल्द निपटाने को लेकर संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला नगर आयुक्त कपिल कुमार, जिला परिषद सीईओ सुरेश राविश, एचएसवीपी ईओ वकील अहमद, एसडीएम अजय सिंह, सीटीएम गुरविंद्र सिंह, डीएसपी बीरभान, डीआरओ चंद्रमोहन, डीडीपीओ रितु लाठर सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *