डीसी अपराजिता ने किया जाट कालेज में बने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण…
डीसी अपराजिता ने जाट कॉलेज में बने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया तथा सभी व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने सबसे पहले परीक्षा केंद्र में जाकर सुरक्षा व्यवस्था व प्रकाश आदि की व्यवस्था की बारीकी से जांच की और उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। उपस्थित एवं अनुपस्थित विद्यार्थियों की संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की। डीसी अपराजिता ने कहा कि जिला प्रशासन हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं को नकल रहित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से संपन्न करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर कोई परीक्षार्थी नकल करने तथा अन्य व्यक्ति नकल करवाने में संलिप्त पाया जाएगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि परीक्षाओं को नकल रहित करवाने में जिला प्रशासन का साथ दें और अपने बच्चों को भी पूरी तैयारी के साथ अकल से परीक्षा देने की सलाह दें। डीसी ने परीक्षा के दौरान आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा केंद्र के अंदर व बाहर पैनी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के अंदर एवं बाहर अनावश्यक लोग न आएं। परीक्षा केंद्र के अंदर अधिकृत स्टॉफ को ही प्रवेश दिया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में उपस्थित एवं अनुपस्थित विद्यार्थियों की सूची बोर्ड पर प्रकाशित की जाए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर व अंदर अनावश्यक लोगों की भीड़ एकत्रित न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी परीक्षाओं के लिए लगातार निरीक्षण करते रहें। जिन-जिन अधिकारियों की फ्लाइंग टीमों में ड्यूटी लगाई गई है, वे नियमानुसार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट संबंधित विभाग को देना सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की फ्लाइंग टीम को भी आवश्यक निर्देश जारी किए और जिले भर में चल रही परीक्षाओं को लेकर ओवर ऑल जानकारी ली। टीम ने जिले भर में शांतिपूर्वक परीक्षा आयोजित किए जाने बारे जानकारी दी।
