डीसी अपराजिता ने किया जवाहर पार्क व चिल्ड्रन पार्क का दौरा
डीसी अपराजिता ने बुधवार को शहर के जवाहर पार्क व चिल्ड्रन पार्क का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बारीकी से पार्क की सभी व्यवस्थाओं को देखा और मौके पर नगर परिषद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। डीसी ने पार्क में अनावश्यक उग आई झाडि़यों की कटाई-छंटाईं, बंद पड़े फव्वारों को संचालित करवाने सहित आवश्यक मरम्मत के कार्य पूरे करने के आदेश दिए। साथ ही तालाब से गाद निकालने के काम को भी जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। डीसी अपराजिता पहले चिल्ड्रन पार्क पहुंचीं। जहां डीसी ने अनावश्यक पड़े सामान को हटवाने के निर्देश जारी किए। इसके बाद उन्होंने स्केटिंग रिंग में टूटी ग्रिल हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक शौचालय में साबुन सहित अन्य सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश जारी किए। इसके बाद उन्होंने पार्क के पैदल चलने वाले मार्ग पर आवश्यक साफ-सफाई एवं झाड़ियों की कटाई-छंटाई के निर्देश जारी किए। इसके बाद डीसी ने तालाब की गाद निकालने के कार्य को आगामी 25 दिन में पूरा करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि वृद्घकेदार सरोवर में अनावश्यक गंदगी डालने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और सरोवर में भी नियमित सफाई करवाई जाए। डीसी ने पुराने अप्पू घर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क के एकांत वाले क्षेत्रों में भी आवश्यक कटाई-छंटाई करवाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने झुलों को दुरुस्तीकरण, फुटपाथ रिपेयर व पेंट करवाने आदि व्यवस्थाओं के दुरुस्तीकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। नगर परिषद अधिकारियों ने कहा कि इन सभी कार्यों के लिए 50 लाख रुपये के टेंडर लगाए गए हैं, जिसके तहत जल्द कार्य शुरू करवाए जाएंगे और पार्क में साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को बढ़ाया जाएगा। पौधों के रख-रखाव, टहनियों की कंटाई-छंटाई के लिए कर्मचारी की ड्यूटी लगाई जाए। पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड लगाए जाएं। पार्क तथा इसके आसपास कहीं भी कूड़े में आग न लगाई जाए, यदि ऐसा मिलता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाए। मीडिया सेंटर के पीछे जवाहर पार्क में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, टहनियों की कंटाई-छंटाई तथा पौधों का अच्छे से रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।
