दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को मिलेंगे 2100 रुपये :- विधायक सतपाल जांबा
पूंडरी विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गरीबों और जरूरतमंदों के हित में लगातार कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। भाजपा सरकार जो वायदे जनता के साथ करती है, उन्हें पूरा करती है। विधानसभा चुनाव में प्रत्येक महिला को किए गए 2100 रुपये देने की योजना का वायदा आज भाजपा सरकार ने पूरा कर दिया है। वीरवार को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट की बैठक में फैसला लेकर योजना का लागू कर दिया है और आगामी 25 सितंबर से योजना का लाभ देने की बड़ी घोषणा की है। देश में महिला कल्याण की दिशा में यह एक तरह से सबसे बड़ी चुनावी घोषणा को भाजपा सरकार ने पूरा किया है। जिसके लिए वे माननीय मुख्यमंत्री जी का आभार प्रकट करते हैं और प्रदेश भर की पात्र महिलाओं को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत के चार स्तंभ बताए हैं, जिनमें महिलाओं की अहम भूमिका है। महिलाओं को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार नित्य नई योजनाएं लागू कर रही है।
विधायक सतपाल जांबा ने बताया कि संकल्प पत्र में विभिन्न वर्गों से किए गए वादे सरकार लगातार पूरे कर रही है। आज कैबिनेट ने महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा और सम्मान के लिए दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना को लागू करने का निर्णय लिया है। पंडित दीन दयाल उपाध्याय जी की जयंती पर 25 सितंबर 2025 से इस योजना का शुभारम्भ होगा। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। 25 सितंबर 2025 को हरियाणा की 23 वर्ष आयु या उससे अधिक आयु की महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया जाएगा। इसमें विवाहित और अविवाहित दोनों ही तरह की महिलाओं को लाभ मिलेगा। पहले चरण में उन परिवारों को शामिल किया गया है, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम है। आने वाले समय में, चरणबद्ध तरीके से अन्य आय समूह को भी इस योजना में शामिल किया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए अविवाहित महिला का या विवाहित महिला के पति हरियाणा में पिछले 15 साल से मूल निवासी होने चाहिए। इस योजना के तहत एक परिवार में महिलाओं की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है। यदि एक परिवार में 3 महिलाएं हैं, तो उन तीनों महिलाओं को लाभ मिलेगा। सरकार द्वारा पहले से चलाई जा रही ऐसी 9 योजनाओं, जिनमें आवेदिका को पहले से ही अधिक राशि की पेंशन का लाभ मिल रहा है, उन्हें लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। स्टेज 3 और 4 कैंसर पीडि़त मरीजों (महिलाओं), सूचीबद्ध 54 दुर्लभ बीमारियों, हीमोफिलिया, थैलेसिलमिया और सिकल सेल से पीडि़त मरीज़ों, जिन्हें पहले से ही पैंशन प्राप्त हो रही है, इन महिलाओं को इस योजना का भी अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। जिस दिन कोई अविवाहित लाभार्थी 45 वर्ष की आयु पूरा करेगी उस दिन वे ऑटोमैटिक विधवा और निराश्रित महिला को वित्तीय सहायता योजना के लिए पात्र हों जाएंगी। जिस दिन लाभार्थी महिला 60 वर्ष की आयु की होगी, उस दिन वे ऑटोमैटिक वृद्धावस्था सम्मान भत्ता पेंशन योजना के लिए पात्र हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि कैबिनेट में हुए फैसले के अनुसार जल्द इस योजना का नोटिफिकेशन जारी होगा तथा एक एप भी लांच की जाएगी। एप के जरिए पात्र लाभार्थी महिलाएं घर बैठे ही इस योजना के लिए आवेदन कर सकती है। हर संभावित पात्र महिला को हम एसएमएस करेंगे कि आप उस ऐप पर आवेदन कर दें, सभी पात्र महिलाओं की सूची सभी पंचायत और वार्डों में प्रकाशित की जाएगी। सभी ग्राम सभाओं और वार्ड सभाओं को सूची पर कोई भी आपत्ति दर्ज करने का अधिकार होगा।
