ढांड में श्रद्धालुओं को टक्कर मारने वाला चालक गिरफ्तार
थाना ढाण्ड क्षेत्र में सड़क हादसे में प्रभात फेरी में शामिल श्रद्धालुओं को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। थाना ढांड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पीर कॉलोनी गांव ढाण्ड निवासी विपिन कुमार की शिकायत अनुसार 25 जनवरी सुबह करीब 6.00 से 6.15 बजे के बीच कस्बा ढाण्ड में गुरु रविदास जी की प्रभात फेरी निकाली जा रही थी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल थे। प्रभात फेरी मंगू राम कॉलोनी से पूंडरी रोड की ओर कच्चे रास्ते से पंचमुखी चौक की तरफ बढ़ रही थी, तभी पूंडरी की ओर से आ रही एक सफेद रंग की अल्टो कार ने पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए संगत को टक्कर मार दी। हादसे में प्रियंका देवी (उम्र करीब 27 वर्ष) और दर्शना (उम्र करीब 60 वर्ष) दोनों निवासी ढाण्ड, गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल कुरुक्षेत्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुर्घटना में गांव ढाण्ड के कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं, जिन्हें विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मौके पर चालक ने अपना नाम मनीष निवासी जज्जीवाला कलां, जिला जोधपुर (राजस्थान), हाल निवासी विश्वासनगर, शादीपुर अमीन रोड, कुरुक्षेत्र बताया। जिस बारे थाना ढांड में मामला दर्ज करके मामले की जांच थाना ढांड प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार की अगुवाई में एएसआई राजेंद्र की टीम द्वारा करते हुए आरोपी मनीष को गिरफ्तार कर लिया गया। नियमानुसार कार्रवाई तहत कार की तलाशी ली गई तो कार से एक पोलोथिन से 234 ग्राम चुरापोस्त बरामद हुआ। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराए जोड़ते हुए पुलिस द्वारा नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
