फेसबुक पर फर्जी ट्रेडिंग से 60.50 लाख की ठगी आरोपी काबू
साइबर क्राइम थाना कैथल पुलिस ने फेसबुक पर फर्जी स्टॉक ट्रेडिंग का विज्ञापन दिखाकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गुहला निवासी इकबाल सिंह की शिकायत अनुसार उसने फेसबुक पर स्टॉक मार्केट से संबंधित एक विज्ञापन पर क्लिक किया, जिसके बाद एक्सिस डायरेक्ट के नाम से एक वेबसाइट खुली। वेबसाइट पर उसने अपने दस्तावेज और निजी जानकारी साझा कर दी, जिसके बाद उसका एक फर्जी ट्रेडिंग वॉलेट बना दिया गया। आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर 8 प्रतिशत मुनाफे का लालच दिया और खुद को ट्रेडिंग कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए निवेश की प्रक्रिया समझाई। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को सेबी का फर्जी प्रमाणपत्र भेजकर विश्वास में लिया और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। शिकायतकर्ता द्वारा जुलाई 2025 माह में विभिन्न तिथियों पर एक्सिस और पीएनबी बैंक खातों से कुल करीब 60 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों के बताए खातों में ट्रांसफर कर दिए गए। रकम वॉलेट में दिखती रही, लेकिन बाद में ठगी का पता चला। जिस बारे थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच साइबर क्राइम थाना प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु क़ी अगुवाई में एएसआई नरेश कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी भगवान नगर लुधियाना पंजाब निवासी अंशुल ठाकुल को गिरफ्तार कर लिया गया। उक्त मामले में एक अन्य आरोपी को पहले ही काबू किया जा चुका है। आरोपी अंशुल द्वारा साइबर ठगों को उक्त मामले में ठगी के पैसे के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाए गए थे। आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
