किसान मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर 31 अगस्त तक करें अपनी फसल का पंजीकरण : डीडीए
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग कैथल के उपनिदेशक (डीडीए) डा. बाबुलाल ने बताया कि सभी खरीफ फसलों (धान, कपास, बाजरा, मक्का, दालें, फल-फूल व सब्जियों इत्यादि) का पंजीकरण करने के लिए मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल 31 अगस्त तक खुला हुआ है। सरकार द्वारा संचालित कृषि से संबंधित सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए तथा अपने कृषि उत्पादों को आस-पास की मंडियों में बेचने के लिए किसान अपनी फसल का पंजीकरण अवश्य करें। उन्होंने बताया कि किसान गांव में स्थित अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से अपनी सभी फसलों का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर कर सकते हैं। किसान स्वयं भी अपनी फसलों का पंजीकरण फसल.हरियाणा.जीओवी.इन वेबसाइट पर कर सकते हैं। फसलों के पंजीकरण के लिए परिवार पहचान पत्र अनिवार्य है। उन्होंने आगे बताया कि जिला कैथल में खरीफ सीजन में लगभग चार लाख 96 हजार 375 एकड़ में फसलों की बुवाई की जाती हैं, जिसमें अभी तक जिले में लगभग 78.29 प्रतिशत क्षेत्र में किसानों द्वारा पोर्टल पर पंजीकरण करवाया जा चुका है। जो किसान समय पर अपनी फसलों का पंजीकरण नहीं करवाएंगे, उन्हें अपनी फसल बेचने में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए सभी किसान जल्द से जल्द पोर्टल पर अपना पंजीकरण करें। इसके साथ-साथ किसानों से यह भी अपील है कि परिवार पहचान पत्र में यदि परिवार के सभी सदस्यों के मोबाइल नंबर अलग-अलग हैं, उनके परिवार पहचान पत्र पर उस मोबाइल नंबर पंजीकरण से पहले दर्ज करवा लें, ताकि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर पंजीकरण हो सके।
