बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों में चल रहे कार्यों में लाएं तेजी :- डीसी
डीसी अपराजिता ने जिले में बाढ़ सुरक्षा प्रबंध के दृष्टिगत घग्गर टटियाना गेज, हांसी बुटाना सारोला साइफन का दौरा कर निर्माण कार्य एवं साइफन से निकाली जा रही गाद के कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान डीसी ने निर्देश दिए कि संबंधित विभागों के अधिकारी मानसून से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर लें, ताकि पानी का प्रवाह सुचारू रूप से चले और आमजन व किसानों को किसी भी प्रकार का नुकसान न हो। उन्होंने सबसे पहले टटियाना गेज का निरीक्षण करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को घग्गर की सफाई के निर्देश दिए। नहरी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि गेज के अनुसार 2023 में 84 हजार क्यूसिक पानी, 2025 में 56 हजार क्यूसिक पानी बाढ़ के दौरान आया था। आगामी मानसून के दृष्टिगत बाढ़ सुरक्षा प्रबंधों की तैयारियों को लेकर विभाग तेजी से कार्य कर रहा है। डीसी ने गहनता से टटियाना गेज पर विभाग से संबंधित कार्य की फीडबैक ली। इसके बाद डीसी ने अधिकारियों से हांसी-बुटाना नहर पर चल रहे कार्य के बारे में जानकारी हासिल की। अधिकारियों ने बताया कि हांसी बुटाना नहर पर मजबूतीकरण का कार्य चल रहा है। यह कार्य पटियाला रोड से खराल गांव तक लगभग 10 हजार फुट तक एक करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से होगा। इस पर इंटरलॉकिंग टाइलें लगाई जाएंगी। यह कार्य जून 2026 तक पूरा किया जाएगा। डीसी ने कहा कि अबकी बार मानसून जल्द आने की संभावना है, इसलिए कार्य की गति को बढ़ाए। इसके बाद डीसी ने बीएमएल सरोला साइफन का निरीक्षण किया। मौके पर अधिकारियों ने कहा कि सरोला साइफन पर गाद निकालने का कार्य एजेंसी द्वारा किया जा रहा है। इसके अलावा भविष्य में साइफन के नीचे के क्षेत्र को पक्का किए जाने का भी प्लान बनाया है। डीसी ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को गाद निकालने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देने के साथ-साथ एसडीएम कैप्टन प्रमेश सिंह को नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए। यहां किसानों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। डीसी ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। डीसी ने निरीक्षण के दौरान निचले इलाकों, ड्रेनेज सिस्टम, तटबंधों और जल निकासी व्यवस्थाओं की स्थिति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं भी जलभराव की समस्या न रहे, इसके लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं। डीसी ने कहा कि आपदा प्रबंधन के तहत सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस मौके पर एसडीएम कैथल संजय सिंह, एसडीएम गुहला कैप्टन प्रमेश सिंह, डीआरओ चन्द्र मोहन, कार्यकारी अभियंता गुरविंदर सिंह, दिग्विजय शर्मा, वरूण कंसल, डीआईपीआरओ नसीब सिंह के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
