जर्मनी भेजने के नाम पर हड़पे 12.50 लाख, आरोपी गिरफ्तार
कैथल खबर (08अप्रैल) : हरियाणा के कैथल जिले के एक युवक को जर्मनी भेजने के नाम पर लाखों रुपए ठगी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान कलायत निवासी लक्ष्मी नारायण उर्फ विनोद के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। इस संबंध में कलायत थाना में केस दर्ज किया गया था। गांव सजूमा निवासी श्रीपाल की शिकायत अनुसार उसका बेटा कुलदीप विदेश जाना चाहता था। इसके लिए उसने एजेंट लक्ष्मी नारायण उर्फ विनोद, उसकी पत्नी सुशीला और विलेश निवासी कलायत से बात की। आरोपियों ने कुलदीप को जर्मनी भेजने की बात कही और उसके दस्तावेज ले लिए। इसके साथ ही अप्रैल और मई 2024 में उससे 12.50 लाख रुपए भी ले लिए। रुपए लेने के बाद आरोपियों ने कहा कि वे जल्द ही कुलदीप को जर्मनी भेज देंगे। काफी इंतजार करने के बाद जब आरोपियों ने उसके बेटे को विदेश नहीं भेजा तो उसने इस संबंध में एजेंटों से बात की। फिर भी आरोपी उसे झांसा देते रहे। आरोपियों ने उसके बेटे को विदेश नहीं भेजा। तंग आकर जब उन्होंने अपने रुपए वापस मांगे तो वे भी नहीं दिए। उन्हें धमकी दी कि रुपए मांगे तो जान से मार देंगे। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
