हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में कृषि मेला 23 व 24 मार्च को : प्रो बलदेव राज काम्बोज

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय में किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से 23 व 24 मार्च को दो दिवसीय कृषि मेला खरीफ का आयोजन किया जाएगा। मेले में प्रदेशभर के किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, विभिन्न विभागों और संस्थाओं की भागीदारी रहेगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बलदेव राज काम्बोज ने बताया कि इस कृषि मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को खरीफ फसलों की नवीनतम किस्मों, उन्नत कृषि तकनीकों, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराना है। मेले के दौरान विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक किसानों को धान, कपास, बाजरा, दलहन एवं तिलहन फसलों की उन्नत किस्मों और वैज्ञानिक प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। मेले में किसानों के लिए फसल उत्पादन तकनीक, कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य, कृषि यंत्रीकरण, बागवानी, पशुपालन तथा मधुमक्खी पालन से संबंधित विभिन्न प्रकार की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त कृषि यंत्रों, उन्नत बीजों, जैविक उत्पादों तथा कृषि आधारित उद्योगों की भी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी।

वैज्ञानिकों और किसानों के बीच संवाद एवं प्रदर्शनी मेले के होंगे मुख्य आकर्षण

विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रमेश कुमार ने बताया कि किसानों के साथ वैज्ञानिक-किसान संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होगा, जिसमें किसान अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे विशेषज्ञों से चर्चा कर सकेंगे। मेले में लगाई जाने वाली प्रदर्शनियां भी मुख्य आकर्षण होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने प्रदेश के किसानों से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कृषि मेले में भाग लेकर खरीफ फसलों की नवीनतम तकनीकों और जानकारी का लाभ उठाएं ताकि खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेले की तैयारियां की शुरू

सह निदेशक (विस्तार) डॉ सुनील ढांडा ने बताया कि मेला परिसर में एग्रो इंडस्ट्रीयल प्रदर्शनी हेतु लगाईं जाने वाली स्टालो की बुकिंग शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेले की तैयारियां शुरू कर दी है। मेले में आने वाले किसानों और आम नागरिकों के लिए समुचित प्रबंध किए जाएंगे।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *