हरियाणा को क्लीन और ग्रीन बनाना हम सब की साझी जिम्मेदारी : विधायक जांबा

विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि हरियाणा प्रदेश को क्लीन और ग्रीन बनाना हम सब की साझी जिम्मेदारी है। सभी आमजन एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़चढ़कर भाग लें और अधिक से अधिक पौधे लगाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है कि देश 2047 तक विकसित भारत बने और इस विजन को साकार करने में हरियाणा की हरियाली की अहम भूमिका होनी चाहिए।

          पूंडरी विधायक सतपाल जांबा शुक्रवार को अनाज मंडी में आयोजित 76वें वन महोत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने फतेहपुर संरक्षित वन क्षेत्र में पौधा रोपण कर पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान में  सभी आमजन जुड़े, क्योंकि पेड़ और मां हमसे कभी कुछ लेते नहीं हैं, बल्कि देते हैं। पेड़े हमें ऑक्सीजन के साथ-साथ फल, छाया देते हैं और बारिश लाने में सहायक होते हैं। पौधा रोपण करना समय की मांग है, क्योंकि अगर हम आज पेड़ नहीं लगाएंगे तो हमारी आने वाली पीढ़ियों का जीवन खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने हरियाणा की राजधानी चंडीगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां का पर्यावरण बहुत शुद्घ है। जिसका मुख्य कारण वहां की हरियाली है।

          उन्होंने कहा कि जिले में इस वर्ष 4 लाख 20 हजार पौधे लगाए जाने हैं। जिनमें से करीब दो लाख 35 हजार पौधे रोपित हो चुके हैं। बाकी बचे लक्ष्य को 15 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। पूंडरी हलके में एक पेड़ मां के नाम अभियान पूरे जोरों से चल रहा है, जिसके तहत हलके में 35 गांव पूरे हो चुके हैं। जहां भी जगह मिलती है वहां पर पौधे लगाए जा रहे हैं। ग्राम पंचायतों का सहयोग लिया जा रहा है और पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी लगाई जा रही है।

          विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि आज के दौर में हर किसी को कोई न कोई बीमारी है। इस बीमारी का कारण ेहै कि हमें शुद्ध हवा नहीं मिल रही है। पर्यावरण दूषित होता जा रहा है और हम अंधाधुंध पेड़ काट रहे हैं। जिसे पर्यावरण को नुकसान हो रहा है। इसी प्रकार से कई गांवों मे बेवजह जल बहाव से जलभराव की समस्या होती है। आज पैदावार ज्यादा लेने के चक्कर में अंधाधुंध पेस्टीसाइड का इस्तेमाल किया जा रहा है।  फसल को बचाने के लिए हम अपनी नस्ल को बर्बाद कर रहे हैं। हमें प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होना चाहिए। हमने स्वयं करीब 20 एकड़ में प्राकृतिक खेती की शुरूआत की है और फसल बहुत अच्छी खड़ी है। हम सब मिलकर यह प्रण लें कि हम न सिर्फ एक-एक पेड़ लगाएंगे और प्राकृतिक खेती की शुरूआत करेंगे। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि वे बुराई के प्रति खुलकर आवाज उठाएं। अधिक से अधिक पौधारोपण करें। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में पूंडरी क्षेत्र में रिकॉर्ड तोड़ विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। साथ ही नशा मुक्त, प्राकृतिक खेती, स्वच्छता, भ्रष्टाचार सहित सामाजिक बुराईयों के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। सभी से अपील है कि सामाजिक बुराइयों के खात्मे के लिए सहयोग करें। गलत काम करने वालों की सूचना पुलिस-प्रशासन को या फिर उन्हें दें। ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

          भाजपा जिला प्रभारी अमरपाल राणा ने कहा कि हमारे जीवन में वनों का महत्व सिर्फ एक दिन का नहीं है, बल्कि यह हमारे अस्तित्व से जुड़ा हुआ है। पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं, जिसके बिना हम एक पल भी जीवित नहीं रह सकते। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए एक पेड़ मां के नाम अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लें और किसी न किसी शुभ अवसर पर पेड़ लगाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में देश ने पिछले 11 वर्षाें में विकास में रफ्तार पकड़ी है और कई मामलों में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। देश में सुशासन लाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़े फैसले लागू कर व्यवस्था परिवर्तन किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू किया था। लोग इस अभियान के तहत अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। ताकि पर्यावरण का संरक्षण किया जा सके।

          डीएफओ मोहन लाल वर्मा ने मुख्य अतिथि का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया और कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एमडी शुगर मिल कृष्ण कुमार ने सभी का धन्यवाद व्यक्त किया। इस अवसर पर डीएनडी बोर्ड के चेयरमैन जसवंत पठानिया, जिला परिषद चेयरमैन कर्मबीर कौल, सतपाल चुघ, जिला पार्षद जितेंद्र, मनोज राणा, सरोज, विजेंद्र, देंवेंद्र पंचाल, पूंडरी ब्लाक समिति चेयरमैन राजेश बरसाना, ढांड ब्लाक समिति चेयरमैन ईश्वर सिंह, सुभाष हजवाना, सतपाल चुघ, जितेंद्र टाया, निधि मोहन, राम मेहर शर्मा, हर्ष सेठी, अमित सैनी सहित अन्य भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वन महोत्सव प्रतियोगिता के विजेताओं किया सम्मानित

डीएफओ मोहन वर्मा ने बताया कि 76वें वन महोत्सव को लेकर पेंटिंग व प्रश्नोतरी प्रतियोगिता करवाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सतपाल जांबा ने विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रश्नोतरी प्रतियोगिता में भारत पब्लिक स्कूल के विद्यार्थी परमीत प्रथम, ओएसडीएवी स्कूल की छात्रा समृद्धि द्वितीय तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखोली अड्डा की छात्रा हिमांशी तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार जूनियर पेंटिंग प्रतियोगिता में पीमए श्री जाखौली अड्डा स्कूल से नजराना, संध्या व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल से तन्नु ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर पेंटिंग प्रतियोगिता में पीमए श्री जाखौली अड्डा स्कूल से तान्या पहले व तनवी दूसरे तिथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल से तुन्नु तृतीय स्थान पर रही। वहीं आरकेएसडी कॉलेज की टीम ने हरियाणवी कलाकार राजीव शर्मा की अगुवाई में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। जनसूचना एवं लोक संपर्क विभाग की टीम ने भी अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम समाप्ति पर सभी को वन विभाग की ओर से पौधे वितरित किए गए।

About The Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *