फसल गिरदावरी की जांच के लिए एडीसी ने किया गांवों का निरीक्षण
कैथल खबर (26 मार्च) : एडीसी दीपक बाबू लाल करवा ने बुधवार को बालू व पट्टी कायस्थ सेठ गांव का दौरा किया और गिरदावरी की मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मौके पर मुआयना करते हुए एडीसी ने सजरा व टैब में दर्ज जानकारियों का मिलान किया। इस दौरान कुछ एकड़ में फसल का मिलान सही नहीं पाया गया। जिस पर एडीसी ने संबंधित पटवारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि उसी फसल का इंद्राज होना चाहिए, जो मौके पर लगाई गई है। घर बैठ कर नहीं बल्कि खेत में जाकर गिरदावरी करें। उन्होंने कहा कि फसलों की गिरदावरी एक महत्वपूर्ण कार्य है ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इसी गिरदावरी के अनुसार मंडी में उपज की खरीद होती है। डाटा सही नहीं होने के कारण किसान को फसल को मंडी में बेचने में परेशानी होती है।
