म्यूचुअल फंड में निवेश का झांसा देकर 11.17 लाख की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार
साइबर ठगी करने वाले आरोपियों पर शिकंजा कसते हुए थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा म्यूचुअल फंड में निवेश का झांसा देकर 11 लाख 17 हजार की ठगी करने के मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु की अगुवाई में पीएसआई नवीन कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी नया गांव जिला पटना बिहार निवासी मुन्ना कुमार व संदलपुर जिला पटना बिहार निवासी अश्वनी कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-20 हुडा कैथल निवासी रोहताश कुमार की शिकायत अनुसार 17 मार्च 2025 को उसे व्हाट्सएप ग्रुप आईसीआईसीआई सिक्योरिटी वाई-4 में जोड़ा गया। ग्रुप में लगातार म्यूचुअल फंड में निवेश से भारी मुनाफे के मैसेज भेजे जाते थे और आईसी डायरेक्ट नामक एप डाउनलोड करने को कहा गया। जिससे उसने एप डाउनलोड करने के बाद 19 मार्च 2025 को सबसे पहले 10 हजार रुपये बैंक खाता में ट्रांसफर किए। जिसके बाद 24 मार्च 2025 को भरोसा दिलाने के लिए ठगों ने उसके खाते में 10,650 रुपये वापस भेज दिए। 26 मार्च 2025 को पीड़ित ने दोबारा 10,000 रुपये और फिर 50,000 रुपये निवेश किए। 28 मार्च 2025 को उसने 34,000 रुपये और 50,000 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर किए। 5 अप्रैल 2025 को 50,000 रुपये उसके खाता में भेजे। इसके बाद जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स के नाम पर और पैसे मांगे। 28 अप्रैल 2025 को पीड़ित ने 3,85,200 रुपये टैक्स के नाम पर जमा करवा दिए। 8 मई 2025 को आईसीआईसीआई सिक्योरटी लिमिटेड की मोहर लगे फर्जी पत्र दिखाकर उससे 3,79,327 रुपये यूको बैंक खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद ठगों ने और 8,50,000 रुपये की मांग की। पैसे न देने पर पीड़ित को व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया। तभी उसे ठगी का एहसास हुआ। कुल मिलाकर उसके साथ से 11,17,527 रुपये की साइबर ठगी की गई। जिस बारे थाना साइबर क्राइम में मामला दर्ज कर लिया गया। उक्त साइबर ठगी में दोनों आरोपियों के बैंक खाते प्रयोग किए गए थे। दोनों आरोपी अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए।
