अवैध मसाज और स्पा सेंटर संचालकों की अब खैर नहीं : डीएसपी
जिला पुलिस द्वारा कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिना लाइसेंस संचालित मसाज एवं स्पा सेंटरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। डीएसपी बीर भान ने बताया कि जिले में बिना वैध लाइसेंस के संचालित किसी भी मसाज या स्पा सेंटर को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे सेंटरों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। डीएसपी बीर भान ने बताया कि जिन मसाज एवं स्पा सेंटरों के पास वैध लाइसेंस हैं, उन्हें भी निर्धारित नियमों एवं शर्तों का पूर्ण रूप से पालन करना होगा। यदि किसी लाइसेंसधारी मसाज या स्पा सेंटर पर अनैतिक, अवैध अथवा कानून के विरुद्ध किसी भी प्रकार की गतिविधि संचालित होती पाई गई तो संबंधित सेंटर का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रद्द करवाने की कार्रवाई की जाएगी तथा स्पा सेंटर को सीज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस द्वारा समय-समय पर मसाज एवं स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बिना किसी भेदभाव के कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी रोक लगाना है। डीएसपी बीर भान ने आमजन से भी अपील की कि यदि किसी मसाज या स्पा सेंटर में संदिग्ध अथवा अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। जिला पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
