रेडक्रॉस सोसाइटी एवं भारत विकास परिषद की ओर से किया गया रक्तदान शिविर का आयोजन
मानवता की सेवा और रक्तदान महादान के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए बुधवार को जिला रेड क्रॉस सोसाइटी कैथल तथा भारत विकास परिषद कैथल के संयुक्त तत्वावधान में रेडक्रॉस परिसर में एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें डीसी अपराजिता ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और रक्तदाताओं को बैज लगाकर उत्साहवर्धन किया। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में हरियाणा रेड क्रॉस सोसाइटी के पूर्व वाइस चेयरमैन डॉ. मुकेश अग्रवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। डीसी अपराजिता ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सबसे बड़ा प्रमाण है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी के जीवन की बुझती हुई लौ को पुन: प्रज्वलित कर सकता है। जब किसी मरीज को एक यूनिट रक्त की जरूरत होती है और आप जैसा कोई रक्तदाता उसे रक्त प्रदान करता है तो वह उसके लिए भगवान के आशीर्वाद के समान होता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी समय समय पर रक्तदान करती हैं। रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं आती, बल्कि शरीर स्वस्थ होता है। आपका थोड़ा सा समय और आपके रक्त की कुछ बूंदें किसी परिवार की खुशियां लौटा सकती हैं। इसलिए आज एक संकल्प लें कि हम नियमित अंतराल पर रक्तदान करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में भारत विकास परिषद और रेडक्रॉस के साझा प्रयासों की भी सराहना की। डॉ. मुकेश अग्रवाल ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य जिले के ब्लड बैंकों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना है ताकि आपातकालीन स्थिति में किसी भी मरीज को रक्त की कमी का सामना न करना पड़े। युवाओं ने इस शिविर में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और रक्तदान किया। रामजी लाल ने कहा कि आपके द्वारा दान की गई रक्त की एक यूनिट तीन लोगों की जान बचा सकती है। दुर्घटनाओं, थैलेसीमिया और कैंसर जैसी बीमारियों में रक्त की निरंतर आवश्यकता बनी रहती है। एक स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए रक्त का पर्याप्त स्टॉक होना अनिवार्य है। रक्तदान शिविर के बाद डीसी अपराजिता ने जरूरतमंद लोगों को कंबल भी वितरित किए। इस अवसर पर जिला रेडक्रॉस सचिव रामजीलाल, डॉ. अशोक गर्ग, अश्वनी अग्रवाल, सतपाल भारद्वाज, जयपाल गुप्ता, आर.पी. सिंगला विशेष रूप से उपस्थित रहे।
