कैथल के 54 श्रद्धालु तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ रवाना
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र से एक विशेष रेलगाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से करीब 800 श्रद्धालु तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ (महाराष्ट्र) के दर्शन के लिए रवाना हुए। इस यात्रा में कैथल जिले के 54 तीर्थ यात्री भी शामिल हैं। डीसी अपराजिता ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार की जनकल्याणकारी पहल मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत बुजुर्ग श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यह विशेष ट्रेन तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ भेजी जा रही है, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है। पिछले महीने बुजुर्ग श्रद्धालुओं को अयोध्या में श्री राम लला के दर्शन करवाए गए थे। उन्होंने बताया कि यह योजना 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित हो रही है। योजना के अंतर्गत ऐसे परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाती है, जिनकी वार्षिक आय 1 लाख 80 हजार रुपये तक है। अब तक प्रदेश के हजारों बुजुर्ग इस योजना का लाभ उठाकर विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर चुके हैं। डीसी ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत अत्यंत समृद्ध है, जहां हजारों वर्षों से आस्था के केंद्र मौजूद हैं। हर व्यक्ति की इच्छा होती है कि वह जीवन में कम से कम एक बार इन पवित्र स्थलों के दर्शन करे, और सरकार की यह योजना उसी भावना को साकार कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि योजना का लाभ लेने के लिए इच्छुक श्रद्धालुओं को मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के पोर्टल पर पंजीकरण करवाना होता है। जिसके बाद सरकार द्वारा प्लान तैयार किया जाता है कि किसी धार्मिक स्थल की यात्रा करवानी है।
बुजुर्गों के चेहरों पर दिखी खुशी
विशेष ट्रेन में सवार होते समय बुजुर्गों के चेहरों पर उत्साह और खुशी साफ झलक रही थी। श्रद्धालुओं ने सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार जताते हुए कहा कि यह योजना गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि सरकार के सहयोग से उन्हें तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब के दर्शन करने का अवसर मिल रहा है, जो उनके लिए एक यादगार अनुभव रहेगा।
